उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: विजय शंखनाद जनसभा में गरजे मल्लिकार्जुन खड़गे, बोले BJP के पास है वॉशिंग मशीन… जो भ्रष्टाचारियों को धोकर गले लगाती है
हल्द्वानी: विजय शंखनाद रैली को संबोधित करने पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आजादी के आंदोलन में कांग्रेस के योगदान का जिक्र करते हुए सवाल किया कि आरएसएस और भाजपा का कोई ऐसा नेता बताएं, जो देश की आजादी के लिए जेल गया हो। खड़गे ने आरोप लगाया कि आजादी के दौर में भाजपा के नेता अंग्रेजों के सामने झुक रहे थे, जबकि कांग्रेस का आजादी की लड़ाई का लंबा इतिहास रहा है।
खड़गे ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और संविधान बचाने के अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने संविधान की रक्षा के लिए पूरे देश में पदयात्रा की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आज भी संविधान के साथ खिलवाड़ करने में लगी हुई है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में लिप्त है। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि उसके पास एक ‘वॉशिंग मशीन’ है, जिसमें भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे नेताओं को धोकर फिर पार्टी में शामिल कर लिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने ऐसे कई लोगों को अपनी पार्टी में जगह दी है।
युवाओं और रोजगार के मुद्दे पर खड़गे ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर बिना सिफारिश और बिना भ्रष्टाचार के पारदर्शी व्यवस्था के तहत मेरिट के आधार पर युवाओं को नौकरियां दी जाएंगी। उन्होंने युवाओं के आंदोलनों का जिक्र करते हुए सरकार पर दमनात्मक रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया। खड़गे ने अपने संबोधन में मंदिरों का जिक्र करते हुए भाजपा पर धार्मिक भावनाओं के नाम पर चंदे के दुरुपयोग के आरोप लगाए। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी चंदे की लूट और चोरी करने वाले लोगों को संरक्षण दे रही है। कांग्रेस अध्यक्ष के संबोधन के दौरान रैली में मौजूद कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और पार्टी के समर्थन में उत्साह दिखाया।




