उत्तराखण्ड
ज्योतिर्मठ: चांई गांव में प्राचीन सीता माता मंदिर के पुनर्निर्माण का शिलान्यास, BKTC ने दानदाता परिवार का जताया आभार
ज्योतिर्मठ: श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अंतर्गत ज्योतिर्मठ के निकट चांई गांव में स्थित माता वेदवती की तपस्थली प्राचीन सीता माता मंदिर के पुनर्निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य का सोमवार, 26 अक्टूबर को विधिवत पूजा-अर्चना और भूमि पूजन के साथ शिलान्यास किया गया। मंदिर निर्माण के लिए बीकेटीसी ने दानीदाता दिनेश गोयल परिवार का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद बीकेटीसी का दल श्री बदरीनाथ धाम के लिए रवाना हुआ।
इससे पहले ज्योतिर्मठ स्थित श्री नृसिंह मंदिर में दर्शन से पूर्व बीकेटीसी पदाधिकारियों ने समिति के अस्थायी कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और मांगों को सुना। इस दौरान कर्मचारियों से वार्ता और समाधान की प्रक्रिया पर विश्वास बनाए रखने तथा अपना धरना स्थगित करने की अपील की गई।
इससे पूर्व रविवार को बीकेटीसी पदाधिकारियों ने शंकराचार्य स्वामी श्री वासुदेवानंद सरस्वती महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही रविग्राम सांस्कृतिक समिति की ओर से आयोजित रामलीला में भी प्रतिभाग किया।
मंदिर के शिलान्यास कार्यक्रम में बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, सलाहकार माधव सेमवाल, सदस्य राकेश भंडारी, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष शैलेंद्र पंवार, नीरज कौशिक, पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश कपरवाण, चांई गांव के ग्राम प्रधान शंकरलाल, महिला मंगल दल अध्यक्ष रीता राणा और कर्मचारी संघ अध्यक्ष विजेंद्र बिष्ट सहित बीकेटीसी के अधिकारी-कर्मचारी तथा गांव के श्रद्धालु मौजूद रहे।



