उत्तराखण्ड
देहरादून: बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 30 IAS-PCS अधिकारियों के तबादले, परितोष वर्मा बने नगर आयुक्त काशीपुर
देहरादून: उत्तराखंड शासन ने बुधवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) के कुल 30 अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। शासन की ओर से 11 नवंबर 2026 को जारी स्थानांतरण आदेश में कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों, अपर जिलाधिकारियों, संयुक्त मजिस्ट्रेट और नगर आयुक्तों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं।

इस फेरबदल में हल्द्वानी नगर निगम के नगर आयुक्त परितोष वर्मा को काशीपुर नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है। वहीं, उधमसिंह नगर में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात आईएएस अधिकारी आशिमा गोयल को नगर आयुक्त नगर निगम हल्द्वानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। काशीपुर के नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट को अपर जिलाधिकारी बागेश्वर बनाया गया है।
इन IAS अधिकारियों के बदले कार्यक्षेत्र
शासन के आदेश के अनुसार आईएएस अधिकारी अभिनव शाह को मुख्य विकास अधिकारी देहरादून के पद से हटाकर अपर सचिव पर्यटन एवं अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्यटन विकास परिषद की जिम्मेदारी दी गई है।
दीपक सैनी को मुख्य विकास अधिकारी पिथौरागढ़ से मुख्य विकास अधिकारी देहरादून बनाया गया है। प्रवीण कुमार को अपर निदेशक शहरी विकास निदेशालय से मुख्य विकास अधिकारी पिथौरागढ़ की जिम्मेदारी दी गई है।
अनामिका को प्रतीक्षारत स्थिति से मुख्य विकास अधिकारी अल्मोड़ा बनाया गया है। आशिमा गोयल को संयुक्त मजिस्ट्रेट उधमसिंह नगर से नगर आयुक्त हल्द्वानी बनाया गया है।
दीपक रामचंद्र सेठ को संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की से मुख्य विकास अधिकारी चमोली, राहुल आनंद को संयुक्त मजिस्ट्रेट देहरादून से मुख्य विकास अधिकारी उत्तरकाशी बनाया गया है।
वहीं, गौरी प्रभात को संयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी से संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की और दीक्षिता जोशी को संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत से संयुक्त मजिस्ट्रेट काशीपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
PCS अधिकारियों में भी बड़ा फेरबदल

पीसीएस अधिकारियों में जीवन सिंह नगन्याल को अपर आयुक्त कुमाऊं मंडल नैनीताल से आयुक्त गन्ना एवं चीनी काशीपुर तथा प्रधान प्रबंधक शुगर मिल किच्छा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, विलक्षण सिंह मर्तोलिया को आयुक्त गन्ना एवं चीनी काशीपुर से अपर आयुक्त कुमाऊं मंडल नैनीताल बनाया गया है।
अभिषेक त्रिपाठी को मुख्य विकास अधिकारी चमोली से निदेशक पंचायती राज निदेशालय देहरादून बनाया गया है। रामजी शरण शर्मा को मुख्य विकास अधिकारी अल्मोड़ा से अपर निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी एजेंसी (ITDA) देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है।
जय भारत सिंह को मुख्य विकास अधिकारी उत्तरकाशी से अपर निदेशक शहरी विकास निदेशालय बनाया गया है। श्याम सिंह राणा को अपर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग से अपर नगर आयुक्त नगर निगम देहरादून भेजा गया है।
नारायण सिंह नबियाल को अपर जिलाधिकारी बागेश्वर से अपर जिलाधिकारी चमोली बनाया गया है। विवेक प्रकाश को अपर जिलाधिकारी चमोली से अपर आयुक्त गन्ना एवं चीनी काशीपुर तथा प्रधान प्रबंधक चीनी मिल किच्छा की जिम्मेदारी दी गई है।
पंकज कुमार उपाध्याय को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन/नजूल) ऊधमसिंह नगर के पद से हटाकर अपर मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार बनाया गया है।
कौस्तुभ मिश्रा को अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) ऊधमसिंह नगर से उप निदेशक मंडी परिषद रुद्रपुर भेजा गया है। स्मिता परमार को अपर जिलाधिकारी देहरादून एवं विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी (CALA) से नगर आयुक्त नगर निगम रुड़की बनाया गया है।
रविंद्र सिंह बिष्ट को नगर आयुक्त काशीपुर से अपर जिलाधिकारी बागेश्वर की जिम्मेदारी दी गई है। निर्मला बिष्ट को उप निदेशक मंडी परिषद रुद्रपुर एवं उप सचिव मुख्यमंत्री के पद से अपर जिलाधिकारी (प्रशासन/नजूल) ऊधमसिंह नगर बनाया गया है।
जितेंद्र कुमार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) हरिद्वार से अपर जिलाधिकारी देहरादून एवं विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी (CALA) की जिम्मेदारी दी गई है।
नूपुर वर्मा को डिप्टी कलेक्टर पौड़ी से नगर आयुक्त नगर निगम रुद्रपुर बनाया गया है। कमलेश मेहता को डिप्टी कलेक्टर टिहरी गढ़वाल से अपर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग और विनोद कुमार को डिप्टी कलेक्टर देहरादून से अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) ऊधमसिंह नगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
परितोष वर्मा को नगर आयुक्त हल्द्वानी से नगर आयुक्त काशीपुर तथा गोपाल राम बिनवाल को नगर आयुक्त रुद्रपुर से उप मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार बनाया गया है।
शासन की ओर से जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।



