उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: बेकाबू कार का कहर, बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद सड़क पर पड़े युवक के ऊपर फिर चढ़ाई गाड़ी, CCTV में कैद हादसा
हल्द्वानी: लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद सड़क पर गिरे युवक के ऊपर कार का पहिया दोबारा चढ़ गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घायल युवक को आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सक उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, रुद्रपुर स्थित डीपीजी ट्रांसपोर्ट कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत 38 वर्षीय राजीव कश्यप मोटरसाइकिल से वीआईपी गेट क्षेत्र से लालकुआं की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रांसपोर्ट नगर स्थित जैन ट्रांसपोर्ट के सामने पंतनगर की दिशा से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजीव उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। बाइक को टक्कर मारने के बाद राजीव सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान कार चालक ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन घबराहट में कार को दोबारा आगे बढ़ा दिया। इससे कार का पहिया सड़क पर पड़े राजीव के ऊपर से गुजर गया।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। कार चालक ने मौके से भागने की कोशिश नहीं की और स्थानीय लोगों की मदद से घायल राजीव को तत्काल नजदीकी निजी क्लीनिक पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
आईसीयू में भर्ती, सिर में गंभीर चोट
राजीव कश्यप को गंभीर चोटें आई हैं। सिर से लगातार खून बहने के कारण चिकित्सक उनकी स्थिति पर विशेष निगरानी रख रहे हैं। उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनका उपचार जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों के कारण लगातार हो रहे सड़क हादसे एक बार फिर यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।



