उत्तराखण्ड
हल्द्वानी : चौफुला के सड़क मार्गों को 20 फीट चौड़ा करने की मांग, क्षेत्रवासियों ने कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत को सौंपा ज्ञापन, कमिश्नर ने दिए स्थलीय जांच के निर्देश…
मल्ला चौफुला के सड़क मार्गों को 20 फीट चौड़ा करने की मांग, क्षेत्रवासियों ने आयुक्त कुमाऊं को सौंपा ज्ञापन – आयुक्त ने दिए स्थलीय जांच के निर्देश
हल्द्वानी, 07 अक्टूबर 2026 (सूवि)।
नगर निगम हल्द्वानी के वार्ड नंबर 37 मल्ला चौफुला क्षेत्र के स्थानीय नागरिकों ने बुधवार को सचिव मुख्यमंत्री आयुक्त कुमाऊं मण्डल दीपक रावत को एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में स्थानीय निवासियों ने बताया कि मल्ला चौफुला कॉलोनी में जो मार्ग पूर्व में 20-22 फीट चौड़े थे, वे अतिक्रमण के कारण सिमटकर 10 से 13 फीट के रह गए हैं, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों ने अवगत कराया कि वार्ड नं. 37 में जिन मार्गों का निर्माण एवं चौड़ीकरण किया जाना है, उन्हें कम से कम 20 फीट किए जाने में उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। क्षेत्रवासियों ने कहा कि यदि इन मार्गों पर किसी की बाउण्ड्रीवाल या भूमि जद में आती है तो उसे तोड़ने/हटाए जाने में भी उन्हें कोई आपत्ति नहीं है क्षेत्रवासियों ने आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत से अनुरोध किया कि जनहित को देखते हुए उक्त मार्गों को कम से कम 20 फीट चौड़ा कर बंदोबस्ती में सम्मिलित करते हुए अतिक्रमण मुक्त कर दिया जाए।
इस प्रकरण पर आयुक्त दीपक रावत ने उप जिलाधिकारी हल्द्वानी को प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर शीघ्र आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।



