उत्तराखण्ड
बाजपुर: सीमांकन के दौरान दो पक्षों में खूनी संघर्ष, जमकर चले पत्थर, 7 लोग घायल, पथराव का वीडियो वायरल
ऊधम सिंह नगर: बाजपुर क्षेत्र के रमपुरा शाकर गांव में रास्ते और नाली के सीमांकन के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों की ओर से जमकर पथराव हुआ, जिसमें सात लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। वहीं, पथराव का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, रमपुरा शाकर गांव में रास्ते और नाली की नापजोख करने के लिए राजस्व एवं चकबंदी विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। टीम सीमांकन की कार्रवाई कर रही थी, इसी दौरान जमीन की नापजोख को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया।
इस दौरान सात लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया।
वहीं, एक पक्ष के स्थानीय निवासी हाजी काले ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने पहले से योजना बनाकर उन पर हमला किया। उनका कहना है कि सीमांकन के दौरान सरकारी भूमि, गांव की सीमा और रास्ते की स्थिति स्पष्ट की जानी थी, लेकिन नापजोख के दौरान विवाद बढ़ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पथराव में उनके परिवार के कई लोग घायल हुए हैं।
फिलहाल घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी बनाए हुए है। पथराव का वीडियो वायरल होने के बाद घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।



