उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: कांग्रेस नेताओं के अभद्र व्यवहार के विरोध में बीजेपी जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट और मंडी परिषद अध्यक्ष अनिल डब्बू ने DM के माध्यम से राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
हल्द्वानी: 8 अगस्त को रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा एसएसपी कार्यालय में किए गए कथित अभद्र एवं अशोभनीय व्यवहार के विरोध में भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कैंप कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। भाजपा ने संबंधित कांग्रेस नेताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की जनसभा में अपेक्षा के अनुरूप भीड़ नहीं जुटी, जिसके बाद अपनी राजनीतिक नाकामी छिपाने के लिए कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन पर वाहनों को रोकने का झूठा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के लिए अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया और एसएसपी कार्यालय में प्रवेश कर हंगामा किया।
बिष्ट ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं का अपमान और एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के प्रति अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल कांग्रेस के नैतिक पतन को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनसभा के लिए छोटा मैदान चुना गया और मैदान नहीं भरने की स्थिति में कांग्रेस नेताओं ने सरकारी कार्यालय में हंगामा कर कानून-व्यवस्था को चुनौती दी।
पूर्व मेयर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला ने आरोप लगाया कि रामलीला मैदान में कांग्रेस की जनसभा के दौरान सनातन विरोधी नारे लगाए गए, जो निंदनीय है। वहीं उत्तराखंड मंडी परिषद के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू ने कहा कि सावन के पवित्र माह में कांग्रेस मंच से मां गंगा के प्रति कथित अपमानजनक टिप्पणी को सनातन समाज स्वीकार नहीं करेगा।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मांग की कि सरकारी मर्यादाओं को तार-तार करने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने के आरोपों की जांच कर दोषी कांग्रेस नेताओं को चिन्हित किया जाए तथा उनके खिलाफ तत्काल कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, प्रदेश कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल, पूर्व मेयर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, हुकुम सिंह कुँवर, मोहन पाठक, शंकर कोरंगा, देवेंद्र ढैला, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी प्रदीप जनोटी, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नेगी, जिला महामंत्री रंजन सिंह बर्गली व विनीत अग्रवाल सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




