उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: चित्रेश्वर धाम से शनि मंदिर का अतिक्रमण हटाने की मांग, पहाड़ी समाज ने दी आंदोलन की चेतावनी, CM को भेजा ज्ञापन
हल्द्वानी: रानीबाग स्थित ऐतिहासिक चित्रेश्वर धाम परिसर में बनाए गए शनि मंदिर को अतिक्रमण बताते हुए पहाड़ी (कत्युरी) समाज ने इसे ध्वस्त करने अथवा अन्यत्र विस्थापित करने की मांग की है। इस संबंध में समाज की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार हल्द्वानी के माध्यम से सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया है कि चित्रेश्वर रानीबाग क्षेत्र राजमाता जिया कत्युरी की तपस्थली और कर्मभूमि रही है। समाज का दावा है कि प्राचीन धार्मिक ग्रंथों में इस क्षेत्र का उल्लेख मिलता है और चित्रेश्वर-पदमेश्वर महादेव मंदिर की ऐतिहासिक एवं धार्मिक मान्यता रही है।
पहाड़ी समाज ने आरोप लगाया कि चित्रेश्वर-पदमेश्वर महादेव के नाम दर्ज भूमि पर बिना अनुमति शनि मंदिर का निर्माण किया गया है। इससे क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाएं आहत हुई हैं। समाज ने मंदिर परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराने और कथित तौर पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
ज्ञापन में चित्रेश्वर रानीबाग क्षेत्र को मानसखंड माला समूह परियोजना में शामिल कर इसका समग्र विकास करने तथा सरकारी दस्तावेजों में इसे तीर्थ नगरी घोषित करने की भी मांग की गई है।
पहाड़ी (कत्युरी) समाज ने प्रशासन को 10 दिन का समय देते हुए चेतावनी दी है कि यदि इस अवधि में कार्रवाई नहीं हुई तो समाज आंदोलन का रास्ता अपनाएगा। चेतावनी में चक्का जाम, क्रमिक अनशन और आमरण अनशन जैसे कदम उठाने की बात कही गई है। समाज ने प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है।




