उत्तराखण्ड
हल्द्वानी : दीपावली पर वंचित एवं असहाय बच्चों के बीच पहुंचे बाल संरक्षण अधिकार आयोग के सदस्य योगेश रजवार,मिष्ठान, पटाखे एवं फुलझड़ियाँ बाटकर खुशियां की साझा…
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही प्रदेश सरकार : योगेश सिंह रजवार
दीपावली पर हल्द्वानी क्षेत्र में वंचित एवं असहाय परिवारों के भिक्षावृत्ति से जुड़े बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कार्यरत वीरांगना संस्थान पहुँचे बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार, बच्चों को मिष्ठान, पटाखे एवं फुलझड़ियाँ वितरित कर दीपावली की खुशियाँ साझा कीं।
हल्द्वानी। दीपावली के पावन पर्व पर उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य श्री योगेश सिंह रजवार ने विगत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी हल्द्वानी में संचालित वीरांगना संस्थान पहुँचकर समाज के वंचित एवं जरूरतमंद परिवारों के बच्चों के साथ दीपावली की खुशियाँ साझा कीं। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को मिष्ठान, पटाखे, फुलझड़ियाँ एवं रोशनी से संबंधित सामग्री वितरित कर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरने का प्रयास किया।
प्रदेश के युवा एवं यशस्वी मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में राज्य सरकार बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री जी की स्पष्ट सोच है कि प्रदेश का प्रत्येक बच्चा सुरक्षित एवं संरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को साकार करने के अवसर हासिल करे। इसी दूरदर्शी सोच एवं दिशा-निर्देशों से प्रेरित होकर बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य के रूप में श्री रजवार भी प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में बच्चों तक पहुँचकर उनके अधिकारों की रक्षा, समस्याओं के समयबद्ध समाधान तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
उल्लेखनीय है कि वीरांगना संस्थान लंबे समय से ऐसे वंचित एवं असहाय परिवारों के बच्चों को, जिनके परिजन कूड़ा बीनकर एवं भिक्षावृत्ति के सहारे अपना जीवनयापन करते हैं, शिक्षा से जोड़कर समाज की मुख्यधारा में लाने का सराहनीय कार्य कर रहा है। संस्थान के माध्यम से ये बच्चे भिक्षा से शिक्षा की ओर अग्रसर होकर अपने बेहतर भविष्य की नींव तैयार कर रहे हैं। आयोग के सदस्य श्री रजवार पूर्व में भी निरंतर इस संस्थान से जुड़कर इन बच्चों के शैक्षिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए सहयोग करते रहे हैं तथा विभिन्न अवसरों और त्योहारों पर बच्चों के बीच पहुँचकर उनके साथ खुशियाँ साझा करते रहे हैं।
इस अवसर पर श्री योगेश सिंह रजवार ने कहा कि दीपावली की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होती है, जब हमारे समाज के जरूरतमंद बच्चों के जीवन में भी खुशियों का उजाला पहुँचे। इन बच्चों को सुरक्षित एवं संरक्षित वातावरण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वीरांगना संस्थान जिस समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ इन बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रहा है, उसके लिए संस्थान की संस्थापिका एवं पूरी टीम बधाई और शुभकामनाओं की पात्र है।
उन्होंने कहा कि आज अभावों के बीच शिक्षा की ओर कदम बढ़ा रहे यही नौनिहाल आने वाले समय में हमारे प्रदेश और देश के भविष्य के कर्णधार बनेंगे। इनके सपनों को संवारना और इन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना केवल किसी एक संस्थान या व्यक्ति की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को ऐसे बच्चों के जीवन में शिक्षा, सुरक्षा और खुशियों का उजाला लाने के लिए आगे आना चाहिए।
इस अवसर पर वीरांगना संस्थान की संस्थापिका श्रीमती गुंजन बिष्ट अरोड़ा, श्री मानस जोशी, श्रीमती भावना रजवार, श्रीमती पूनम बिनवाल, श्रीमती मोनिका मौर्य, श्री भूपेंद्र ऐरी, श्री संदीप अरोड़ा, श्रीमती माधवी बिष्ट, श्रीमती मिनाक्षी साह एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।



