उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: खड़गे की रैली से पहले कांग्रेस नेताओं के अभद्र व्यवहार पर BJP का हल्लाबोल, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट और मंडी परिषद अध्यक्ष अनिल डब्बू के नेतृत्व में फूंका कांग्रेस का पुतला
हल्द्वानी: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली से पहले एसएसपी कार्यालय में कांग्रेस नेताओं द्वारा कथित तौर पर किए गए अभद्र व्यवहार को लेकर भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शनिवार देर शाम तिकोनिया स्थित बुद्ध पार्क में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की।यह कार्यक्रम भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट और उत्तराखंड मंडी परिषद के अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू के नेतृत्व में आयोजित किया गया। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अभी सत्ता में नहीं है, इसके बावजूद उसके नेता अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर अराजकता का माहौल पैदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसएसपी कार्यालय में कांग्रेस नेताओं का जिस तरह का व्यवहार सामने आया, वह बेहद निंदनीय है।भाजपा नेताओं ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब कांग्रेस सत्ता से बाहर रहते हुए इस तरह का व्यवहार कर रही है, तो सत्ता में आने के बाद उसका रवैया क्या होगा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया।




