उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: ग्रामीण क्षेत्रों में हाथियों का आतंक, हरिपुर जमन सिंह गांव में फसलों को किया बर्बाद, स्कूल की दीवार भी तोड़ी
हल्द्वानी: ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हाथियों का झुंड किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ ही आबादी वाले क्षेत्रों में भी तबाही मचा रहा है। ताजा मामला रामपुर रोड स्थित हरिपुर जमन सिंह गांव का है, जहां हाथियों के झुंड ने खेतों में घुसकर गन्ने, केले और लाई की फसल को बर्बाद कर दिया। इतना ही नहीं, हाथियों ने गांव के प्राथमिक विद्यालय की दीवार भी तोड़ दी।

हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक हाथियों का झुंड देर शाम से रात और सुबह के समय जंगल से निकलकर गांव के खेतों की ओर पहुंच रहा है, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर रहा है।
मामले की सूचना वन विभाग को भी दे दी गई है। ग्रामीणों ने विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और हाथियों की आवाजाही पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। साथ ही प्रशासन से हाथियों द्वारा बर्बाद की गई फसलों का उचित मुआवजा देने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते हाथियों की आवाजाही पर नियंत्रण नहीं किया गया तो किसानों को और अधिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।



