उत्तराखण्ड
टिहरी: गूलर में भीषण बस हादसा, 100 मीटर गहरी खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, 6 की मौत, 19 घायल
टिहरी: उत्तराखंड में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गूलर बाजार के समीप हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही विश्वनाथ सेवा की यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में अब तक छह यात्रियों की मौत की सूचना है, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार बताए जा रहे थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू टीमों ने अब तक 20 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। वहीं 19 घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। अन्य घायलों का भी उपचार जारी है। खाई में गिरे अन्य यात्रियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए टिहरी जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और एसएसपी श्वेता चौबे भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं। प्रशासन और पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। फिलहाल रेस्क्यू अभियान जारी है और हादसे में हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका के बीच प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।



