Connect with us

उत्तराखण्ड

हल्द्वानी : शहर में पहली बार गूंजेगा ‘युवा उत्सव भजन क्लबिंग’ का स्वर14 नवंबर को एमबी इंटर कॉलेज मैदान में होगा भव्य आयोजन…

हल्द्वानी में पहली बार गूंजेगा ‘युवा उत्सव भजन क्लबिंग’ का स्वर
14 नवंबर को एमबी इंटर कॉलेज मैदान में होगा भव्य आयोजन, युवाओं को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और स्वामी विवेकानंद के विचारों से जोड़ने की पहल
हल्द्वानी, 12 नवंबर। युवाओं को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से हल्द्वानी में पहली बार ‘युवा उत्सव भजन क्लबिंग’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। आगामी 14 नवंबर को एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम को लेकर नगर निगम सभागार में महापौर श्री गजराज सिंह बिष्ट एवं आयोजक संस्था SAM दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित कर कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी दी गई।
प्रेस वार्ता में SAM की निदेशक साध्वी डॉ. शिवानी भारती एवं दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के स्वामी उमेशानंद जी भी उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन पारंपरिक भक्ति संगीत को आधुनिक संगीत शैली के साथ प्रस्तुत करने का अभिनव प्रयास है। इसके माध्यम से युवाओं को आध्यात्मिकता से जोड़ते हुए भारतीय संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और जीवन मूल्यों के प्रति जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को प्रोत्साहित करना है।
इस अवसर पर महापौर श्री गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति और राष्ट्र परिवर्तन के प्रमुख वाहक हैं। आज आवश्यकता है कि युवा आधुनिकता के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों, आध्यात्मिक चेतना और गौरवशाली परंपराओं से भी जुड़े रहें। स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को आत्मविश्वास, साहस, चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा का जो मंत्र दिया, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है।
उन्होंने कहा कि किसी भी सशक्त राष्ट्र की नींव उसकी युवा पीढ़ी के चरित्र, संस्कार और विचारों में निहित होती है। ‘युवा उत्सव भजन क्लबिंग’ जैसे आयोजन युवाओं को आध्यात्मिक चेतना से जोड़ने के साथ भारतीय संस्कृति और आधुनिक पीढ़ी के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करेंगे।
महापौर ने कहा कि विकसित भारत@2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए युवाओं का ऊर्जावान होने के साथ संस्कारित, आत्मविश्वासी और राष्ट्र के प्रति समर्पित होना भी आवश्यक है।
उन्होंने हल्द्वानी के युवाओं से इस अनूठे आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात कर युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण की सकारात्मक ऊर्जा बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

संपादक –

नाम: हर्षपाल सिंह
पता: छड़ायल नयाबाद, कुसुमखेड़ा, हल्द्वानी (नैनीताल)
दूरभाष: +91 96904 73030
ईमेल: [email protected]