उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: कांग्रेस नेताओं के एसएसपी कार्यालय में कथित अभद्र व्यवहार पर पुलिस पेंशनर्स बोर्ड ने जताई नाराजगी
हल्द्वानी: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी दौरे के दौरान एसएसपी कार्यालय में कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर किए गए अभद्र एवं अशोभनीय व्यवहार का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। उत्तराखंड पुलिस पेंशनर्स (बोर्ड) कल्याण समिति, हल्द्वानी-नैनीताल ने इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को ज्ञापन भेजकर कड़ी नाराजगी जताई है।
समिति की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि 8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी स्थित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति कथित रूप से अमर्यादित एवं अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया गया। समिति ने इस व्यवहार की निंदा करते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न होने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने, विरोध करने और प्रशासन से जवाब मांगने का अधिकार सभी को है, लेकिन यह अधिकार किसी को भी धमकाने, गाली देने या अभद्र भाषा का प्रयोग करने की अनुमति नहीं देता। समिति ने कहा कि पुलिस अधिकारी और कर्मचारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करते हैं और उन पर राजनीतिक दबाव या धमकी का असर पूरे पुलिस बल के मनोबल पर पड़ सकता है।
पुलिस पेंशनर्स बोर्ड ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के सम्मान और पुलिस बल के मनोबल को बनाए रखने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। समिति ने इस संबंध में अपना विरोध दर्ज कराते हुए ज्ञापन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को प्रेषित किया है।




