उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: फिर होंगे गुरुद्वारा प्रबंध समिति गुरुनानकपुरा के चुनाव, विभागीय आदेश चस्पा, चुनाव अधिकारी नियुक्त
हल्द्वानी: गुरुद्वारा गुरु नानकपुरा प्रबंध समिति के चुनाव को लेकर उप निबंधक, फर्म सोसायटी एवं चिट्स, हल्द्वानी ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। कार्यालय की ओर से जारी पत्र में समिति के चुनाव से संबंधित प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के तहत पूरा कराने के लिए चुनाव अधिकारी और सहायक चुनाव अधिकारी की नियुक्ति की गई है। पत्र के मुताबिक, जिलाधिकारी नैनीताल की ओर से पूर्व में जारी निर्देशों के क्रम में समिति के चुनाव को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद भी चुनाव से संबंधित कार्यवाही और दस्तावेज कार्यालय में प्रस्तुत नहीं किए जाने पर अब विभाग ने स्वयं चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की कार्रवाई की है। आदेश में पीताम्बर आर्य को चुनाव अधिकारी तथा आकाश को सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। दोनों अधिकारियों को सोसायटी के चुनाव से संबंधित समस्त कार्यवाही सोसायटी पंजीकरण अधिनियम, 1860 के प्रावधानों के तहत निष्पक्ष तरीके से कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में यह भी कहा गया है कि चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने के बाद संबंधित अधिकारी समस्त कार्यवाही की रिपोर्ट उप निबंधक कार्यालय में प्रस्तुत करेंगे। इस आदेश के बाद गुरुद्वारा गुरु नानकपुरा प्रबंध समिति के चुनाव को लेकर फिर से सरगर्मियां तेज हो गई हैं। आपको बता दें कि यह चुनाव कुछ माह पूर्व सपन्न किए गए थे, जिसमें रमनदीप सिंह साहनी अध्यक्ष पद के लिए विजय घोषित हुए थे, वही जगमीत सिंह मिती, अवनीत सिंह और प्रापजोत सिंह पराजित हुए थे। फिलहाल आदेश गुरुद्वारा नोटिस बोर्ड में चस्पा कर दिया गया है। जिसके बाद से संगत में आक्रोश भी देखने को मिल रहा है। जबकि मौजूदा अध्यक्ष रमनदीप सिंह साहनी द्वारा गुरुद्वारा भवन का पुनर्निर्माण कार्य जारी है।




