आध्यात्मिक
हल्द्वानी: स्वामी आनंद स्वरूप का बड़ा बयान, बोले सरकारी नियंत्रण से मुक्त हों मंदिर, ‘राम ही बीजेपी को सत्ता में लाए थे वही राम अब इन्हें विदा करेंगे’
हल्द्वानी: हरिद्वार के शांभवी पीठाधीश्वर स्वामी आनंद स्वरूप महाराज ने हल्द्वानी दौरे के दौरान राम मंदिर समेत मंदिरों में चढ़ावे और अन्य सामान की कथित चोरी के मुद्दे पर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सभी मठों और मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्त करने की मांग करते हुए कहा कि तभी इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
स्वामी आनंद स्वरूप ने आरोप लगाया कि आज कई सरकारी अधिकारी मठों और मंदिरों में पोस्टिंग पाने के लिए उत्सुक रहते हैं, लेकिन उनकी सनातन धर्म और धार्मिक आस्था में कोई रुचि नहीं है। उनका उद्देश्य केवल मंदिरों के संसाधनों पर नियंत्रण स्थापित कर भ्रष्टाचार के जरिए धन अर्जित करना है।
उन्होंने कहा कि मंदिरों का संचालन संत समाज और धार्मिक संस्थाओं के हाथों में होना चाहिए, न कि सरकारी तंत्र के नियंत्रण में। उनके अनुसार, सरकारी दखल के कारण ही मंदिरों में अव्यवस्था और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती हैं।
इस दौरान स्वामी आनंद स्वरूप ने राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा, “श्रीराम ही भारतीय जनता पार्टी को सत्ता में लेकर आए थे और श्रीराम ही बीजेपी को सत्ता से विदा करेंगे।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।




