उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: बुलेट से निकले SSP मंजुनाथ टीसी, वापसी करने वाले पर्यटकों के लिए बनाया यह ट्रैफिक प्लान(वीडियो)
हल्द्वानी: तीन दिन के लंबे वीकेंड के चलते नैनीताल, भीमताल, कैंची धाम समेत जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बीते शुक्रवार को ही करीब एक लाख पर्यटकों के नैनीताल जिले में पहुंचने की जानकारी है। अब रविवार को पर्यटकों की वापसी को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं।नैनीताल एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने शनिवार को खुद फील्ड में उतरकर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
एसएसपी मंजुनाथ टीसी अधीनस्थ की बुलेट पर बैठकर काठगोदाम से भीमताल तिराहे तक पहुंचे और सड़क पर यातायात के दबाव तथा पुलिस व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को पर्यटकों की सुरक्षित और सुगम वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।एसएसपी ने बताया कि जिले में बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद हैं और शनिवार देर शाम से लेकर रविवार तक पर्यटकों की वापसी होगी। ऐसे में यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जा रहा है।पुलिस के अनुसार आज शाम 5:30 बजे से रात 8 बजे तक और रविवार शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक नैनीताल और भीमताल से आने वाले पर्यटकों को प्राथमिकता के साथ एग्जिट कराया जाएगा। वहीं, नैनीताल और भीमताल की ओर जाने वाले पर्यटकों को फतेहपुर से वाया पटवाडांगर और कालाढूंगी मार्ग से भेजने की व्यवस्था की जाएगी।पर्यटकों की बढ़ती संख्या और वाहनों के दबाव को देखते हुए शटल सेवा भी संचालित की जा रही है। इसके जरिए पर्यटक प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच सकेंगे और निजी वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।लंबे वीकेंड के चलते शनिवार और रविवार का दिन नैनीताल पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण रहने वाला है। पुलिस का फोकस पर्यटकों की सुगम आवाजाही, ट्रैफिक जाम से राहत और सुरक्षित वापसी पर रहेगा।




