उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: टांडा रोड पर दर्दनाक हादसा, पेड़ से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत
हल्द्वानी: टांडा रोड पर एस बैंड के पास शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज गति से जा रही मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़े मिले। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे राहगीर ने टांडा रोड पर एस बैंड के पास सड़क किनारे पेड़ से टकराई मोटरसाइकिल और दो युवकों के पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल का नंबर UK06BN8480 बताया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों युवकों के सिर और मुंह पर चोट के निशान थे। मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई। पुलिस अधीक्षक नगर और प्रभारी निरीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों युवकों को 108 एंबुलेंस से सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय चेतन चौहान, निवासी फुलशुंगी, रुद्रपुर और 24 वर्षीय वैभव छाबरा, निवासी नंद विहार कॉलोनी, फुलशुंगी, रुद्रपुर के रूप में हुई है। हादसे की सूचना के बाद दोनों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शवों को पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए मोर्चरी भेज दिया है। प्रथम दृष्टया पुलिस को बाइक तेज गति के कारण अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की आशंका है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।




