उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: चमोली हेलीकॉप्टर दुर्घटना की जांच के आदेश, CM धामी बोले हेली सेवा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
हल्द्वानी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को हल्द्वानी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने चमोली में हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना पर दुख जताते हुए कहा कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड आने वाले यात्रियों और श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम हो। इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ ही अगले वर्ष की यात्रा की तैयारियां भी अभी से शुरू की जाएंगी, ताकि भविष्य में व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत किया जा सके।
वहीं, 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा में संगठन की तैयारी साल के 365 दिन चलती रहती है। सरकार और संगठन दोनों अपने-अपने स्तर पर लगातार काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश प्रभारी राम माधव की तारीफ करते हुए कहा कि वह बेहद अनुभवी नेता हैं और उन्हें व्यापक राजनीतिक एवं सामाजिक अनुभव हासिल है। आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को उनके अनुभव का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रभारी राम माधव भी अलग-अलग बैठकें कर रहे हैं। संगठन को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। भाजपा सरकार और संगठन आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय हैं।



