उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: कालाढूंगी से भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश तिवारी ने ठोकी दावेदारी, बंशीधर भगत को दी वंशवाद पर नसीहत
हल्द्वानी: उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के भीतर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। कालाढूंगी विधानसभा सीट से भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश प्रवक्ता सुरेश तिवारी ने अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। उन्होंने आज कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के सामने अपनी बात रखते हुए चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की। सुरेश तिवारी ने कहा कि वह बाल्यकाल से ही पार्टी से जुड़े हुए हैं और मंडल से लेकर जिला तथा प्रदेश स्तर तक विभिन्न पदों पर संगठन की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि पार्टी उन्हें कालाढूंगी विधानसभा से प्रत्याशी बनाती है तो वह पूर्व में जीतने वाले विधायकों से अधिक मतों से चुनाव जीतकर दिखाएंगे। कालाढूंगी से भाजपा विधायक एवं वरिष्ठ नेता बंशीधर भगत को नसीहत देते हुए सुरेश तिवारी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जहां वंशवाद और परिवारवाद की कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि ‘यह मेरे और मेरे परिवार की सीट है’ जैसी बातें पार्टी की विचारधारा के अनुरूप नहीं हैं और इस तरह का बयान पार्टी के अंदर अनुशासनहीनता के दायरे में आता है।



