उत्तराखण्ड
भीमताल: पिनाकिन सुपरफूड्स द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए नव वर्ष समारोह आयोजित,महिला सशक्तिकरण योजनाओं के तहत बने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के उत्पादों को लेकर हुई चर्चा…
भीमताल के मिनी स्टेडियम में पिनाकिन सूपरफूड्स ने नव वर्ष के उपलक्ष्य में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए विशेष समारोह आयोजित किया। इस कार्यक्रम का संचालन और प्रबंधन आर्किटेक्ट शिवांगनी शर्मा द्वारा किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सरकार की रोजगार और महिला सशक्तिकरण योजनाओं के तहत बने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को मंच प्रदान करना था, ताकि वे अपने उत्पादों जैसे पहाड़ी नामक, जूस, अचार, और पापड़ इत्यादि को प्रदर्शित कर सकें। इसके साथ ही, यह मंच अन्य महिलाओं को समूह से जुड़ने और काम करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए भी था।हालांकि समारोह का फोकस सशक्तिकरण पर था, लेकिन महिलाओं ने अपनी रोजमर्रा की समस्याओं पर भी चर्चा की। निर्णय लिया गया कि हर माह ऐसे आयोजन किए जाएंगे, ताकि महिलाएं अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रख सकें। इस अवसर पर 2 नए स्वयं सहायता समूह बनाए गए, जिनमें 14 महिलाओं ने सदस्यता ली। इन महिलाओं ने हर महीने ₹500-₹500 समूह के खाते में जमा करने का प्रण लिया। पिनाकिन सूपरफूड्स के संस्थापक आकाश अग्रवाल और अनिरुद्ध शर्मा ने महिलाओं को और अधिक संख्या में जुड़ने और अपने नेटवर्क का विस्तार करने का आग्रह किया।इस आयोजन में नंदा सुनंदा समूह की सदस्य प्रेमा बिष्ट, भगवती बिष्ट, रीतिका हरबोला, ममता बिष्ट, लीला हरबोला, पुष्पा जोशी, ममता जोशी, और सोनाली नेगी ने सक्रिय भूमिका निभाई। यह समारोह महिला सशक्तिकरण और उनकी आर्थिक स्वतंत्रता की दिशा में एक सकारात्मक पहल साबित हुआ। कार्यक्रम में न केवल महिलाओं के उत्पादों को एक नया मंच मिला, बल्कि उनके लिए सामूहिक समस्याओं पर चर्चा और समाधान की दिशा में भी एक रास्ता खुला।
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

 


 
																						
 
						 
					 
						 
					 
						 
					 
						 
					 
									 
																							 
									 
																							


 
						 
						 
						 
						 
						 
						 
						 
						 
						