उत्तराखण्ड
नैनीताल : कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने 5 करोड़ रुपये से अधिक लागत के निर्माणाधीन कार्यों की मंडल स्तरीय प्रगति समीक्षा
कुमाऊं कमिश्नर व सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण सभागार, नैनीताल में निर्माण विंग, उत्तराखंड पेयजल निगम के माध्यम से कुमाऊं मंडल में 5 करोड़ रुपये से अधिक लागत के निर्माणाधीन कार्यों की मंडल स्तरीय प्रगति समीक्षा की।
बैठक में उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय पर पूर्ण गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य सम्पन्न करने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्माण विंग, उत्तराखंड पेयजल निगम के महाप्रबंधक द्वारा अवगत कराया कि कुमाऊं मंडल के अंतर्गत 52 निर्माण कार्य संचालित हैं। इनमें से 48 कार्य वर्तमान में गतिमान हैं। जनपदवार समीक्षा के दौरान बताया गया कि ऊधम सिंह नगर में 07, चंपावत में 15 तथा नैनीताल में 7 और अल्मोड़ा, बागेश्वर व पिथौरागढ़ में क्रमशः 6, 1 व 5 कार्य वर्तमान में निर्माणाधीन हैं।
समीक्षा के दौरान कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने सभी निर्माण कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं में किसी प्रकार की तकनीकी, प्रशासनिक अथवा अन्य बाधाएं हैं, उनका संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि निर्धारित समयावधि में निर्माण कार्य पूर्ण किए जा सके।
बैठक में महाप्रबंधक निर्माण एवं पेयजल निगम द्वारा निर्माण एवं पेयजल निगम के माध्यम से मंडल अंतर्गत किए जा रहे निर्माण कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति से अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि मंडल के अंतर्गत 47 कार्य वर्तमान में गतिमान हैं। इनमें से एक कार्य वन भूमि हस्तांतरण तथा एक कार्य माननीय न्यायालय में लंबित होने के कारण लंबित है, जबकि शेष कार्यों पर निर्माण कार्य प्रगति पर है। इन कार्यों में जनपद उधम सिंह नगर अंतर्गत राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर, सितारगंज जेल का विस्तारीकरण, केद्रीय कारागार/संपूर्णानंद शिविर सितारगंज आदि कार्य निर्माणाधीन हैं। जनपद नैनीताल अंतर्गत काठगोदाम बस टर्मिनल, मेट्रोपोल होटल परिसर में सरफेस पार्किंग, रामनगर में बस टर्मिनल एवं बस डिपो का निर्माण आदि का कार्य निर्माणाधीन है। जनपद अल्मोड़ा में सोबन सिंह जीना आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान, द्वाराहाट, सल्ट, दन्या में राजकीय पॉलिटेक्निक का निर्माण कार्य, जनपद बागेश्वर में राजकीय पॉलिटेक्निक गरुड़ का निर्माण कार्य और चंपावत में 15 कार्यों जिनमें से आईएसबीटी टनकपुर में रोडवेज बस टर्मिनल डिपो, वर्कशॉप बिल्डिंग, रीजनल वर्कशॉप बिल्डिंग व चंपावत में पार्किंग, चंपावत और लोहाघाट में फायर स्टेशन, तथा टनकपुर में इंजीनियरिंग कॉलेज आदि निर्माण कार्य गतिमान हैं। इसी के साथ पिथौरागढ़ में बेस चिकित्सालय परिषद का निर्माण कार्य, गणाई गंगोली में पॉलिटेक्निक कॉलेज का निर्माण कार्य व राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में परीक्षा हॉल का निर्माण कार्य गतिमान है। इसके अलावा खेल विंग के 04 कार्यों में से 03 कार्य गतिमान हैं।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति, विभागीय समन्वय, भूमि संबंधी प्रकरणों तथा परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूर्ण किए जाने सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अभियंता पेयजल निगम आलोक कुमार, महाप्रबंधक निर्माण एवं पेयजल निगम अनुज पांडे, अधीक्षण अभियंता अल्मोड़ा संदीप कश्यप, अधीक्षण अभियंता ऊधम सिंह नगर मनीष करारा, अधीक्षण अभियंता हल्द्वानी ए.के. कटारिया, संयुक्त निदेशक अर्थ एवं संख्या राजेंद्र तिवारी, प्रोजेक्ट मैनेजर रुद्रपुर नरेंद्र नवानी, प्रोजेक्ट मैनेजर हल्द्वानी एस.पी. बडोनी, प्रोजेक्ट मैनेजर खेल इकाई रविंद्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




