उत्तराखण्ड
नैनीताल: नशे में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने वाले पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार
नैनीताल: खनस्यूं थाना क्षेत्र के तल्ला ओखलकांडा गांव में पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। मामले में विवेचना जारी है।
पुलिस के मुताबिक, 22 अगस्त को सूचना मिली थी कि ग्राम तल्ला ओखलकांडा निवासी भीम सिंह ने अपनी पत्नी डिक्री देवी की कथित तौर पर डंडों और चम्मच से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के दौरान उनके चार बच्चे भी घर में मौजूद थे। आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी रात में घर पर ही रहा और अगले दिन बच्चों को धमकाते हुए घटना के बारे में किसी को कुछ नहीं बताने की बात कहकर फरार हो गया।
मृतका के पिता गुमान सिंह की तहरीर पर खनस्यूं थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और हल्द्वानी से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश और सुरागरसी की। पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को आरोपी भीम सिंह को वडियाड लूगड़, काठगोदाम के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना के समय वह शराब के नशे में था और उसे अपनी पत्नी के कथित अवैध संबंध होने का शक था। इसी को लेकर उसने पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी: भीम सिंह पुत्र मानसिंह, निवासी ग्राम तल्ला ओखलकांडा, थाना खनस्यूं, नैनीताल।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अनीस अहमद, चौकी प्रभारी ओखलकांडा उपनिरीक्षक कृष्णा गिरी, अपर उपनिरीक्षक नरेश कुमार, हेड कांस्टेबल महेश मर्तोलिया, हेड कांस्टेबल भूजेंद्र सिंह, कांस्टेबल राम सिंह राणा और कांस्टेबल जय किशन शामिल रहे।




