उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: राखी डिलीवरी में लापरवाही पर कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की सख्ती, प्राइवेट कूरियर कंपनियों की होगी चेकिंग
हल्द्वानी: रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने प्राइवेट कूरियर कंपनियों पर सख्ती के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि दोनों जिलों में संचालित सभी प्राइवेट कूरियर सर्विस के कार्यालयों और स्टोर का संबंधित उपजिलाधिकारियों के माध्यम से निरीक्षण कराया जाए।
कुमाऊं आयुक्त ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर बड़ी संख्या में बहनों ने अपने भाइयों के लिए कूरियर और ऑनलाइन माध्यम से राखियां भेजी हैं। ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाए कि राखियों की डिलीवरी समय पर हो और कोई भी राखी का पार्सल लंबित न रहे।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि जांच के दौरान किसी कूरियर कंपनी के यहां राखी के पार्सल लंबित पाए जाते हैं तो संबंधित कंपनी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए और राखियों की तत्काल डिलीवरी सुनिश्चित कराई जाए।
सभी उपजिलाधिकारी कूरियर कंपनियों की जांच और राखियों की डिलीवरी की मॉनिटरिंग करेंगे तथा इसकी रिपोर्ट संबंधित जिलाधिकारी को प्रस्तुत करेंगे। आयुक्त के निर्देश के बाद प्रशासन ने रक्षाबंधन से पहले राखियों की समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित करने की कवायद तेज कर दी है।




