उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: वैज्ञानिक से IPS तक का गौरवपूर्ण सफर, डॉ. जगदीश चन्द्र को मिली भारतीय पुलिस सेवा में पदोन्नति
हल्द्वानी: नैनीताल पुलिस के लिए राष्ट्रीय एकता दिवस गौरवपूर्ण उपलब्धि लेकर आया। जनपद में पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात के पद पर तैनात डॉ. जगदीश चन्द्र को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नति मिलने पर सम्मानित किया गया। 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने डॉ. जगदीश चन्द्र को IPS बैच अलंकृत कर शुभकामनाएं दीं।
डॉ. जगदीश चन्द्र की इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने भी उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनकी पदोन्नति से नैनीताल पुलिस परिवार में हर्ष का माहौल है।
डॉ. जगदीश चन्द्र का शैक्षणिक सफर भी उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर से पर्यावरण विज्ञान में एमएससी तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली से एमफिल और पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। इसके अलावा वर्ष 2025 में IGNOU से मनोविज्ञान विषय में स्नातकोत्तर की डिग्री भी हासिल की।
शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए उन्हें ICAR-JRF, CSIR-UGC JRF/SRF और JRF-NET जैसी प्रतिष्ठित छात्रवृत्तियां प्राप्त हुईं।
वर्ष 2002 से 2005 तक उन्होंने भारतीय वानिकी अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद (ICFRE), देहरादून में वैज्ञानिक के रूप में सेवाएं दीं। इस दौरान रांची और दार्जिलिंग में भी कार्य किया। वर्ष 2005 में राज्य पुलिस सेवा में शामिल होने के बाद उन्होंने देहरादून, चमोली और ऊधमसिंह नगर में पुलिस उपाधीक्षक के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 2013 में उन्हें अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर पदोन्नति मिली।
इसके बाद उन्होंने देहरादून, काशीपुर और हल्द्वानी में नगर पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं दीं। साथ ही 31वीं वाहिनी और IRB-1 में उप सेनानायक के पद पर भी कार्य किया। वर्तमान में वह नैनीताल जनपद में पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात के पद पर तैनात हैं।
अपने सेवाकाल के दौरान डॉ. जगदीश चन्द्र ने कुंभ मेला, नंदा राजजात यात्रा, कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौतियों और कोविड-19 महामारी के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस बैंड के गठन एवं स्थापना में भी उनका योगदान रहा।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें वर्ष 2016 में नंदा राजजात यात्रा और वर्ष 2020 में कोविड-19 के दौरान सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न से सम्मानित किया गया। वर्ष 2025 में भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने उन्हें पुलिस पदक (मेधावी सेवा) प्रदान किया।
डॉ. जगदीश चन्द्र की IPS में पदोन्नति को उनकी वर्षों की मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पित पुलिस सेवा का परिणाम माना जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि से नैनीताल पुलिस परिवार में उत्साह और गर्व का माहौल है।



