उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: बुजुर्ग महिला से कुंडल झपटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, SSP मंजूनाथ ने किया खुलासा…
हल्द्वानी: मुखानी क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से सोने का कुंडल झपटकर फरार हुए दो आरोपियों को नैनीताल पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का कान का कुंडल भी बरामद कर लिया गया है। इस सफलता पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने पुलिस टीम को ₹2,500 के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।30 जुलाई 2026 को जगतपुरम कॉलोनी, हिम्मतपुर मल्ला निवासी चम्पा देवी ने थाना मुखानी में तहरीर देकर बताया कि दो अज्ञात युवकों ने उनकी सास के कान से सोने का कुंडल झपट लिया और फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना मुखानी में एफआईआर संख्या 117/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने एसपी सिटी मनोज कत्याल को शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी और एसओजी प्रभारी मोहन सोन के नेतृत्व में मुखानी पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई।पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मैन्युअल और तकनीकी सर्विलांस के जरिए संदिग्धों की पहचान की। 1 अगस्त को पुलिस ने रिलायंस मॉल के पीछे आम के बगीचे में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय (22 वर्ष) और सूरज जोशी (20 वर्ष) निवासी बिल्सी, जनपद बदायूं (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। अजय की तलाशी के दौरान उसके पास से लूटा गया सोने का कान का कुंडल बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे कबाड़ बीनने का काम करते हैं।पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अजय के खिलाफ उत्तर प्रदेश में पहले से भी आपराधिक मामला दर्ज है और उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई जा रही है।एसएसपी नैनीताल ने मामले का त्वरित खुलासा करने वाली पुलिस और एसओजी टीम की सराहना करते हुए पूरी टीम को ₹2,500 का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।




