उत्तराखण्ड
नैनीताल: कैची धाम मार्ग पर थार में जानलेवा स्टंट पड़ा भारी, वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
नैनीताल: श्री कैची धाम मार्ग पर थार वाहन की बोनट और खिड़की पर दोस्तों को बैठाकर खतरनाक स्टंट करना चालक को भारी पड़ गया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए नैनीताल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक के खिलाफ चालानी कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार 21 मई 2025 को राहगीरों द्वारा शिकायत दी गई कि वाहन संख्या DL4BC7795 (थार) का चालक सड़क पर बोनट और खिड़की में दो लोगों को बैठाकर स्टंट कर रहा है, जिससे उसकी और अन्य लोगों की जान जोखिम में पड़ रही थी।
मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने संबंधित अधिकारियों को वाहन चालक का पता लगाकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के क्रम में यातायात निरीक्षक महेश चंद्र द्वारा वाहन चालक राहुल निवासी दिल्ली का पता लगाकर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। चालक ने भविष्य में ऐसी हरकत न करने की बात कहते हुए माफी भी मांगी।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि स्टंटबाजी, अराजकता और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी प्रकार की स्टंटबाजी से दूर रहने की अपील की है।





