Connect with us

उत्तराखण्ड

रुद्रपुर : अंकिता भंडारी प्रकरण और उत्तराखण्ड में बढ़ते महिला अपराधों से ध्यान हटाने के लिए जैनी प्रकरण को मुद्दा बना रही है भाजपा – यशपाल आर्य


अंकिता भंडारी प्रकरण और उत्तराखण्ड में बढ़ते महिला अपराधों से ध्यान हटाने के लिए जैनी प्रकरण को मुद्दा बना रही है भाजपा – यशपाल आर्य

रुद्रपुर। नेता प्रतिपक्ष श्री यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की गंभीर स्थिति से जनता का ध्यान भटकाने के लिए भारतीय जनता पार्टी जैनी प्रकरण को पुनः मुद्दा बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मार्च 2022 में भाजपा सरकार के दोबारा बनने के बाद से अब तक राज्य में औसतन हर दिन बलात्कार के दो से अधिक मामले दर्ज हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस मुख्यालय के आँकड़ों के अनुसार राज्य के नौ पर्वतीय जनपदों में कुल अपराधों में से 47.7 प्रतिशत मामले महिलाओं के विरुद्ध अपराध के हैं।

श्री आर्य ने कहा कि श्री हरक सिंह रावत से जुड़े इस प्रकरण की सीबीआई जाँच हो चुकी है, अंतिम रिपोर्ट लग चुकी है और न्यायालय उसे स्वीकार कर चुका है। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला की शिकायत को विधि के अनुसार सुना जाना चाहिए, किंतु विधि की प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद भी एक वरिष्ठ नेता को बार-बार कठघरे में खड़ा करना उचित नहीं ळें

श्री आर्य ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में पूर्व भाजपा नेता विनोद आर्य के पुत्र को आजीवन कारावास हुआ, फिर भी कथित वीआईपी की भूमिका पर उठे प्रश्नों का उत्तर आज तक नहीं मिला। अंकिता के माता-पिता चार वर्ष बाद भी पूरे सच की प्रतीक्षा में हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा को जैनी प्रकरण की इतनी चिंता है, तो उसे पहले अपने घर में झाँकना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा से जुड़े कई नेताओं और पदाधिकारियों पर महिलाओं और नाबालिग बच्चियों के विरुद्ध गंभीर आरोप लगे हैं और मुकदमे दर्ज हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोप दोषसिद्धि नहीं हैं, किंतु जो पार्टी दूसरों को नैतिकता का पाठ पढ़ाती है, उसे अपने लोगों पर लगे आरोपों का भी जवाब देना होगा।

श्री आर्य ने कहा कि इसी शहर रुद्रपुर में भाजपा के पार्षद श्री शिव कुमार गंगवार पर मार्च 2025 में होली के दिन एक महिला और एक नाबालिग बालिका से अश्लील हरकत और धमकी के आरोप लगे। ट्रांजिट कैंप थाने में पोक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज हुआ। भाजपा ने उन्हें छह वर्ष के लिए निष्कासित तब किया, जब मामला सार्वजनिक चर्चा में आ गया। उन्होंने कहा कि जिस शहर में यह प्रेस वार्ता हो रही है, वहीं की बेटियाँ यह प्रश्न पूछ रही हैं कि भाजपा ने पहले क्या किया।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि नैनीताल में नैनीताल दुग्ध संघ के तत्कालीन अध्यक्ष श्री मुकेश बोरा पर एक विधवा महिला ने नौकरी के बदले बार-बार दुष्कर्म और अपनी बेटी से छेड़छाड़ का आरोप लगाया। आईपीसी और पोक्सो में मुकदमा दर्ज हुआ, उच्च न्यायालय ने अग्रिम जमानत नहीं दी और गिरफ्तारी हुई। उन्हें 19 मार्च 2025 को उच्च न्यायालय से जमानत मिली, जो अभी केवल जमानत है, मामले का निर्णय नहीं। इसी जनपद में भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व जिला महामंत्री श्री देव सिंह बगड़वाल को अक्टूबर 2025 में एक सोलह वर्षीय बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया और वे न्यायिक हिरासत में भेजे गए।

श्री आर्य ने कहा कि अल्मोड़ा में द्वाराहाट के तत्कालीन भाजपा विधायक श्री महेश सिंह नेगी पर वर्ष 2020 में एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया। श्री नेगी ने इसे षड्यंत्र बताया है। मामला उच्च न्यायालय तक पहुँचा और डीएनए जाँच के आदेश पर न्यायिक लड़ाई चली। सल्ट के तत्कालीन भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री भगवत सिंह बोरा को अगस्त 2024 में एक चैदह वर्षीय बालिका से छेड़छाड़ के आरोप में पोक्सो अधिनियम में गिरफ्तार किया गया और पार्टी ने उन्हें निष्कासित किया।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार की स्थिति भी कम चिंताजनक नहीं है। ज्वालापुर के तत्कालीन भाजपा विधायक श्री सुरेश राठौर पर जुलाई 2021 में भाजपा की ही एक महिला कार्यकर्ता ने दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया था और उच्च न्यायालय ने तब उन्हें तत्काल कोई राहत नहीं दी थी। जून 2024 में एक नाबालिग बालिका की गैंगरेप और हत्या के मामले में पीड़िता की माँ ने भाजपा नेता श्री आदित्य राज सैनी का नाम लिया और पुलिस ने उन पर एफआईआर दर्ज की। पार्टी ने उन्हें अगले ही दिन निष्कासित कर दिया। उस समय पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी थी। जून 2025 में भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिला अध्यक्ष को एक नाबालिग बालिका के यौन शोषण के मामले में गिरफ्तार किया गया, जिसमें पुलिस ने पोक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया।

श्री आर्य ने कहा कि चम्पावत में तल्लादेश के तत्कालीन भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री कमल रावत पर दिसम्बर 2023 में एक नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में आईपीसी की धाराओं और पोक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज हुआ और पार्टी ने उन्हें निष्कासित किया। उन्होंने कहा कि यह सूची किसी विरोधी की गढ़ी हुई नहीं है। ये सभी मामले पुलिस और अदालतों के रिकाॅर्ड में हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जिस पार्टी के नेता, पदाधिकारी और पार्षद ऐसे आरोपों से घिरे हों, वह जैनी प्रकरण के सहारे कांग्रेस को घेरने निकले, यह विडंबना है। उन्होंने भाजपा से पूछा कि वह इन सभी मामलों की वर्तमान स्थिति, आरोप पत्र और अदालतों में चल रही कार्यवाही सार्वजनिक करे और बताए कि पीड़िताओं को न्याय दिलाने में उसकी क्या भूमिका रही।

श्री आर्य ने कहा कि अंकिता अकेली नहीं हैं। साढ़े चार वर्षों में प्रदेश की हजारों बेटियों ने न्याय के लिए थानों के दरवाजे खटखटाए हैं। सरकार को बताना चाहिए कि इन सभी बेटियों को न्याय कब और कैसे मिलेगा, और जिन मामलों में सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों के नाम चर्चा में आए, उनमें निष्पक्ष जाँच क्यों नहीं हो रही।

नेता प्रतिपक्ष ने पुलिस मुख्यालय से प्राप्त आँकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि 23 मार्च 2022 से 30 सितम्बर 2026 तक प्रदेश में बलात्कार के 3,485 मामले दर्ज हैं। श्री आर्य ने कहा कि इसका अर्थ है कि इस अवधि में औसतन प्रतिदिन दो से अधिक मामले दर्ज हुए। उन्होंने कहा कि ये आँकड़े किसी विपक्षी दल के नहीं, स्वयं पुलिस मुख्यालय के हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि उधमसिंहनगर जनपद बलात्कार के 815 मामलों के साथ प्रदेश में हरिद्वार के बाद दूसरे स्थान पर है। पड़ोसी नैनीताल में महिला अपराधों के 1,099 मामले हैं, जिनमें बलात्कार के 357 हैं। प्रदेश के कुल बलात्कार मामलों का 34 प्रतिशत उधमसिंहनगर और नैनीताल जनपदों का है।

उन्होंने कहा कि नौ पर्वतीय जनपदों में कुल अपराधों का 47.7 प्रतिशत महिला अपराध हैं। पिथौरागढ़ में कुल अपराधों का 56 प्रतिशत और अल्मोड़ा में 54.3 प्रतिशत महिलाओं के विरुद्ध अपराध हैं। इन दोनों जनपदों में महिला अपराधों की संख्या अन्य सभी वास्तविक अपराधों के कुल योग से अधिक है। जिन पहाड़ों को शांत और सुरक्षित माना जाता था, वहाँ बेटियों के विरुद्ध अपराधों का यह अनुपात गंभीर चिंता का विषय है।

नेता प्रतिपक्ष ने माँग की कि सरकार महिला अपराधों पर श्वेत पत्र जारी करे, अंकिता भंडारी प्रकरण में कथित वीआईपी की भूमिका की निष्पक्ष और समयबद्ध जाँच कराए तथा भाजपा से जुड़े नेताओं पर दर्ज सभी मामलों की स्थिति सार्वजनिक करे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

संपादक –

नाम: हर्षपाल सिंह
पता: छड़ायल नयाबाद, कुसुमखेड़ा, हल्द्वानी (नैनीताल)
दूरभाष: +91 96904 73030
ईमेल: [email protected]