उत्तराखण्ड
भीमताल : सीडीओ अरविंद पांडेय ने ली कक्षा 12 वीं के बच्चों की क्लास, हेड़िया स्कूल में शिक्षकों की अनुपस्थिति पर सीडीओ दिखे सख्त…
हेड़िया विद्यालय में शिक्षकों की अनुपस्थिति पर मुख्य विकास अधिकारी सख्त, पदमपुरी इंटर कॉलेज में व्यवस्थाएं संतोषजनक
सीडीओ ने धारी व भीमताल ब्लॉक के 2 स्कूलों का औचक निरीक्षण किया, कक्षा 12 के बच्चों की क्लास भी ली
जिलाधिकारी को अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु रिपोर्ट भेजी
मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय ने बुधवार को धारी ब्लॉक एवं भीमताल ब्लॉक के दो विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान हेड़िया गांव के विद्यालय में गंभीर लापरवाही पाई गई। हेड़िया गांव के विद्यालय में कुल 13 बच्चे अध्ययनरत हैं, लेकिन पिछले 3 दिनों से एक भी शिक्षक उपस्थित नहीं है। दोनों नियमित शिक्षक अवकाश पर हैं। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत शिक्षक हरीश चन्द्र पाठक को भेजा गया था, परंतु वे भी बिना सूचना दिए विद्यालय से अनुपस्थित पाए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि “यह क्षेत्र जंगली जानवरों के आतंक से ग्रसित है। ऐसी स्थिति में बच्चों को असुरक्षित छोड़ना उनके जीवन से खिलवाड़ है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” सीडीओ ने तत्काल खंड शिक्षा अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब कर पूरी रिपोर्ट जिलाधिकारी को आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु भेज दी है।
मुख्य विकास अधिकारी को पदमपुरी इंटर कॉलेज में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई। दूसरा विद्यालय धारी ब्लॉक का संत सोमवारी महाराज राजकीय इंटर कॉलेज, पदमपुरी था। यहां कुल 306 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। निरीक्षण के दौरान सभी शिक्षक उपस्थित मिले एवं व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
मुख्य विकास अधिकारी ने यहां कक्षा 12 के बच्चों की क्लास भी ली। उन्होंने बच्चों से संवाद कर कड़ी मेहनत करने, बड़ा लक्ष्य निर्धारित करने एवं अनुशासित जीवन जीने की सीख दी। शिक्षकों को निर्देश दिए कि विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखें एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान दें।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि दुर्गम क्षेत्रों के विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। औचक निरीक्षण का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।





