उत्तराखण्ड
हल्द्वानी : बाल संरक्षण अधिकार आयोग के सदस्य योगेश रजवार ने ब्लॉक स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि किया प्रतिभाग…
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानीबाग में ब्लॉक स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन, विद्यार्थियों ने संसदीय संवाद के माध्यम से दिखाई प्रतिभा
आज राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रानीबाग में विकासखंड भीमताल की ब्लॉक स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में माननीय सदस्य बाल संरक्षण अधिकार आयोग उत्तराखंड श्री योगेश सिंह रजवार जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रतियोगिता में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने प्रतिभाग करते हुए सांसद, मंत्री एवं लोकसभा अध्यक्ष की भूमिका में संसदीय कार्यवाही, समसामयिक विषयों एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में जीजीआईसी भीमताल, जीजीआईसी खुर्पाताल, जीजीआईसी पटुवाडांगर, जीजीआईसी दोगड़ा एवं जीजीआईसी आमिया के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में जीजीआईसी खुर्पाताल ने प्रथम, जीजीआईसी दोगड़ा ने द्वितीय तथा जीजीआईसी पटुवाडांगर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यालयों के विद्यार्थियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि माननीय सदस्य श्री योगेश सिंह रजवार जी ने कहा कि युवा संसद जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, हुनर एवं विचारों को प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करती हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन, संवाद कौशल, आत्मविश्वास तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित होती है। जिस आत्मविश्वास, तार्किक क्षमता एवं संसदीय मर्यादा के साथ विद्यार्थियों ने सदन में अपनी बात रखी, वह अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायक है।
मुख्य अतिथि श्री योगेश सिंह रजवार जी ने कहा कि उनका निरंतर प्रयास रहेगा कि इस प्रकार की रचनात्मक एवं शैक्षिक प्रतियोगिताओं का आयोजन विद्यालय स्तर पर लगातार होता रहे, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के पर्याप्त अवसर मिल सकें और उनका हुनर उच्च मंच तक पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि आगामी 26 नवंबर को जनपद के सभी आठ विकासखंडों की सहभागिता से जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात इस प्रतियोगिता को प्रदेश स्तर पर आयोजित कराने के लिए भी उनके द्वारा प्रयास किए जाएंगे, जिससे उत्तराखंड के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का व्यापक अवसर मिल सके।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री नवीन शर्मा जी, सहायक प्राध्यापक एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी, जिला समन्वयक श्री नरेंद्र पंत जी, प्रवक्ता जीआईसी बेलपड़ाव, ब्लॉक समन्वयक श्रीमती मीना डंगवाल जी तथा निर्णायक मंडल के सदस्य श्री कौस्तुभानंद कर्नाटक जी, श्रीमती योगिता सिंह जी एवं श्रीमती आस्मा परवीन जी उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सुंदर एवं प्रभावशाली संचालन राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानीबाग के अध्यापक श्री गोपाल दत्त गुडवंत जी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि श्री योगेश सिंह रजवार जी ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए इस सफल आयोजन के लिए शिक्षा विभाग के समस्त अधिकारियों, विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकगणों का आभार व्यक्त किया।



