उत्तराखण्ड
यमकेश्वर: सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया शैक्षणिक सभागार भवन का शिलान्यास, BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने दादा स्व. पं. तोताराम द्विवेदी की स्मृति में लिया निर्माण का संकल्प
यमकेश्वर: महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी, यमकेश्वर (पौड़ी) में आधुनिक शैक्षणिक सभागार भवन के निर्माण का शिलान्यास शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। यह सभागार भाजपा वरिष्ठ नेता एवं श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी द्वारा अपने पूज्य दादा स्वर्गीय पंडित तोताराम द्विवेदी की स्मृति में बनवाया जा रहा है।
कार्यक्रम में उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. योगेश कुमार शर्मा, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, छात्रसंघ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शिक्षा संस्थानों का विकास राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि सीमांत एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महायोगी गुरु गोरखनाथ की तपोभूमि से जुड़े इस क्षेत्र में शिक्षा और संस्कार दोनों को समान महत्व दिया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के योगदान की सराहना करते हुए इसे समाजहित में प्रेरणादायी पहल बताया। क्षेत्रवासियों ने भी हेमंत द्विवेदी के इस संकल्प का स्वागत करते हुए कहा कि प्रस्तावित सभागार विद्यार्थियों के शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। लोगों ने दानदाता परिवार की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक योगदान नई पीढ़ी को प्रेरणा देने वाले हैं। उल्लेखनीय है कि महाविद्यालय के एडमिन ब्लॉक के ऊपर लगभग 1800 वर्गफीट क्षेत्रफल में बहुउद्देशीय हाल का निर्माण किया जाएगा। यह सभागार शैक्षणिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं विभिन्न छात्र गतिविधियों के संचालन के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस निर्माण से विद्यार्थियों को सेमिनार, कार्यशाला, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताओं एवं अन्य आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि आगामी 10 से 15 दिनों के भीतर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। महाविद्यालय प्रशासन एवं छात्रसंघ ने इस सहयोग के लिए हेमंत द्विवेदी एवं द्विवेदी परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।





