उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: रिक्शे में सवार महिलाओं के मंगलसूत्र उड़ाने वाली शातिर चोर गिरफ्तार, पुलिस ने चोरी का माल किया बरामद
हल्द्वानी में महिलाओं के गले से मंगलसूत्र चोरी करने वाली एक शातिर महिला चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला कोतवाली हल्द्वानी और थाना मुखानी क्षेत्र का है, जहां 26 मार्च 2026 को दीपा खडायत ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 मार्च को कालाढूंगी टैम्पो स्टैंड से घर लौटते समय ऑटो में सवार एक संदिग्ध महिला ने भीड़ का फायदा उठाकर उनका मंगलसूत्र चोरी कर लिया।
पीड़िता ने बताया कि ऑटो में एक सांवले रंग की महिला छोटे बच्चे के साथ सवार थी, जो बार-बार सटकर बैठ रही थी। घर पहुंचने पर मंगलसूत्र गायब मिला, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपी की पहचान मुस्कान (26) निवासी मथुरा के रूप में की। पुलिस ने 27 अप्रैल 2026 को रोडवेज बस स्टेशन हल्द्वानी के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने मुखानी क्षेत्र में भी इसी तरह की चोरी की घटनाएं कबूल कीं। जांच में सामने आया कि उसके पति अमित भी इन अपराधों में सहयोग करता था और उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मंगलसूत्र (पीली धातु के पेंडल व काले मोतियों की माला) बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर दोनों मामलों में धाराएं बढ़ाई गई हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, उपनिरीक्षक अविनाश मौर्य सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।





