उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: कल स्कूल-आंगनबाड़ी बंद, मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बाद डीएम ने जारी किया आदेश
हल्द्वानी: मौसम विभाग की ओर से 26 सितंबर 2026 को उत्तराखंड में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके मद्देनजर नैनीताल जिले में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है।जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने आदेश जारी कर 26 सितंबर, शनिवार को नैनीताल जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।प्रशासन के मुताबिक मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए यह निर्णय छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है। आदेश में कहा गया है कि जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की संभावना बनी हुई है।हालांकि, नैनीताल नगर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों और विद्यालयों पर यह आदेश लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।




