उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: जवाहर नगर में घर के अंदर युवक की संदिग्ध मौत, गले पर चोट के निशान मिलने से हत्या का एंगल भी जांच
हल्द्वानी: बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के जवाहर नगर में बुधवार सुबह एक युवक का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 29 वर्षीय अमन ठाकुर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़, उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे युवक की मौत की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही बनभूलपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि अमन ठाकुर जवाहर नगर क्षेत्र में एक महिला के घर पर रह रहा था। प्रारंभिक जांच में युवक के गले पर तार से चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। इसके बाद पुलिस युवक की मौत को संदिग्ध मानते हुए हत्या के एंगल से भी जांच कर रही है।
पुलिस घर में मौजूद परिवार के लोगों और महिला के दामाद समेत अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना के पीछे अवैध संबंधों के शक समेत कई संभावित पहलुओं को भी जांच में शामिल किया गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी एक वजह को लेकर निष्कर्ष नहीं निकाला है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि सुबह करीब 8:30 बजे युवक की मृत्यु की सूचना पुलिस को मिली थी। मृतक की उम्र करीब 28 से 29 वर्ष बताई गई है। मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत होने के कारण घर में मौजूद लोगों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




