उत्तराखण्ड
हल्द्वानी में 21 परीक्षा केंद्रों पर धारा 163 लागू, 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा…
29 नवंबर को दो पालियों में होगी उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026, नगर मजिस्ट्रेट ने जारी किए आदेश
हल्द्वानी। उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हल्द्वानी में प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी पीसी बाजपेयी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत आदेश जारी करते हुए नगर क्षेत्र के सभी 21 परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू कर दी है।
जारी आदेश के अनुसार 29 नवंबर 2026 (रविवार) को प्रारंभिक परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित है। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अनुचित गतिविधियों और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया है।
परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में ये प्रतिबंध
प्रशासन की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में बिना पूर्व अनुमति पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों का समूह एकत्रित नहीं होगा और न ही कोई सार्वजनिक सभा आयोजित की जाएगी।
इसके अलावा कोई भी व्यक्ति शस्त्र, लाठी, डंडा, बल्लम आदि लेकर परीक्षा स्थल अथवा उसके 100 मीटर के दायरे में प्रवेश नहीं कर सकेगा। परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने और पर्चे आदि वितरित करने पर भी रोक लगाई गई है।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि कोई भी व्यक्ति बिना पूर्व अनुमति परीक्षा केंद्रों के बाहर 100 मीटर की परिधि में प्रवेश नहीं करेगा। हालांकि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को निर्धारित प्रतिबंधों से छूट दी गई है।
उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
नगर मजिस्ट्रेट ने आदेश में स्पष्ट किया है कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के अंतर्गत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। आदेश तत्काल प्रभाव से परीक्षा समाप्त होने तक लागू रहेगा।
प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना तथा अभ्यर्थियों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।



