उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: अंडर 19 एशिया कप जीतने के बाद पहली बार हल्द्वानी पहुंचे इंडिया टीम के कैप्टन लक्ष्य रायचंदानी का हुआ स्वागत
हल्द्वानी: अंडर-19 एशिया कप में टीम इंडिया को खिताबी जीत दिलाने के बाद भारतीय टीम के कप्तान लक्ष्य रायचंदानी पहली बार हल्द्वानी पहुंचे। इस दौरान जीएनजी क्रिकेट अकादमी में उनका जोरदार स्वागत और सम्मान किया गया। खास बात यह रही कि लक्ष्य ने इसी अकादमी में क्रिकेट की बारीकियां सीखकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
स्वागत समारोह में उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डब्बू मेहरा, लक्ष्य के पिता, क्रिकेट से जुड़े खिलाड़ी, प्रशिक्षक और अकादमी के बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे। इस दौरान लक्ष्य ने पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए अंडर-19 एशिया कप के फाइनल मुकाबले के अनुभव भी साझा किए।
लक्ष्य ने बताया कि उन्होंने बिना किसी दबाव के टीम इंडिया का नेतृत्व किया। पूरे आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरी भारतीय टीम ने कड़े मुकाबले में पाकिस्तान को हराकर एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। उन्होंने बताया कि अब वह आगामी विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने की तैयारी कर रहे हैं।
वहीं, उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डब्बू मेहरा ने कहा कि उत्तराखंड में क्रिकेट प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। लक्ष्य रायचंदानी ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से यह साबित कर दिया है कि अगर खिलाड़ी में हुनर और लगन हो तो उसे आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि क्रिकेट एसोसिएशन हमेशा युवा और प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देता रहेगा।
डब्बू मेहरा ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों पर किसी तरह का दबाव न बनाएं, बल्कि उनकी रुचि और प्रतिभा को समझते हुए उन्हें खुलकर खेलने और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।
कार्यक्रम में लक्ष्य राय चांदनी के पिता राजेश राय चांदनी खेल विभाग से क्रिकेट कोच त्रिलोक जीना, पूर्व क्रिकेटर लीला कांडपाल,पूर्व ब्लॉक प्रमुख भोला भट्ट,गिरीश मेलकानी समेत काफी संख्या में क्रिकेट से जुड़े लोग समर्थक और अकादमी के बच्चे मौजूद रहे ।



