उत्तराखण्ड
नैनीताल : एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तेज किया जनजागरूकता अभियान…
नैनीताल : 20 अगस्त 2026। एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने एवं लोगों के मन में वैक्सीन को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपांकर डेनियल ने कम्युनिटी मोबिलाइजर, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर, एएनएम एवं आशा फैसिलिटेटरों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में निर्देशित किया गया कि एएनएम एवं आशा फैसिलिटेटर अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर एवं समुदाय स्तर पर लोगों को एचपीवी वैक्सीन के महत्व की जानकारी दें। साथ ही अभिभावकों एवं किशोरियों को वैक्सीन से संबंधित सही एवं प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराते हुए उनकी शंकाओं और भ्रांतियों का समाधान किया जाए।
डॉ. दीपांकर डेनियल ने कहा कि एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर समुदाय में जागरूकता बढ़ाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे लोगों से निरंतर संवाद स्थापित कर उन्हें प्रमाणिक स्वास्थ्य जानकारी उपलब्ध कराएं और वैक्सीनेशन के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत का संदेश
“एचपीवी वैक्सीन को लेकर किसी भी भ्रांति या अफवाह पर ध्यान न दें। अपने बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए सही जानकारी प्राप्त करना और समय पर सही निर्णय लेना अभिभावकों की जिम्मेदारी है। एचपीवी से बचाव के लिए वैक्सीनेशन एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुरक्षा उपाय है। मैं सभी अभिभावकों से अपील करती हूं कि वैक्सीन को लेकर मन में किसी भी प्रकार की शंका हो तो सोशल मीडिया या अपुष्ट स्रोतों पर भरोसा करने के बजाय अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा स्वास्थ्यकर्मी से जानकारी लें। जागरूक अभिभावक ही स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव रखते हैं।”
“आज की जागरूकता ही हमारी बेटियों के कल की सुरक्षा है। एचपीवी वैक्सीन को लेकर किसी सुनी-सुनाई बात, अफवाह या भ्रांति को अपने निर्णय का आधार न बनाएं। एक अभिभावक के रूप में हमारा सबसे बड़ा दायित्व है कि हम अपने बच्चों को सही समय पर सही जानकारी और आवश्यक स्वास्थ्य सुरक्षा दें। आइए, डर और भ्रम नहीं, बल्कि जागरूकता और विश्वास के साथ आगे बढ़ें—क्योंकि स्वस्थ बेटी ही स्वस्थ परिवार और मजबूत समाज की पहचान है।”
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी निर्णय में प्रमाणिक जानकारी को प्राथमिकता देना आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर समुदाय में व्यापक जागरूकता अभियान चलाते हुए अधिक से अधिक अभिभावकों तक सही जानकारी पहुंचाई जाए।
बैठक पर मदन मेहरा जिला कार्यक्रम प्रबंधक सरयू नंदन जोशी कम्युनिटी मोबिलाइज दीवान बिष्ट, बसंती , किरण, दीपा , मंजू लोहनी उपस्थित रहे
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग
जनपद नैनीताल




