उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: PM मोदी के जन्मदिवस पर मंडी परिषद अध्यक्ष अनिल डब्बू के नेतृत्व में चलाया गया मंडी परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान, 551 दीयों से मनाया जाएगा आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम
हल्द्वानी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार, 17 सितंबर को उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड, रुद्रपुर के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर डब्बू के नेतृत्व में कृषि उत्पादन मंडी समिति, हल्द्वानी परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान मंडी परिसर के विभिन्न स्थानों पर पड़े कूड़े-कचरे की सफाई की गई। इस अवसर पर डॉ. अनिल कपूर डब्बू ने मंडी में कार्यरत व्यापारियों से स्वच्छता अभियान में निरंतर सहभागिता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने समिति के कार्मिकों को भी भविष्य में नियमित रूप से स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ मंडी परिसर किसानों और व्यापारियों को बेहतर एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण है। मंडी परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में सभी की सामूहिक भागीदारी जरूरी है।
स्वच्छता अभियान में समिति के सचिव दिग्विजय सिंह देव, भुवननाथ गोस्वामी, संतोष कुमार, डीएन पंत, हेम चंद्र तिवारी, सुदर्शना बिष्ट सहित समिति के अन्य कार्मिकों ने प्रतिभाग किया।
वहीं, प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर उनकी दीर्घायु की कामना को लेकर मंडी समिति कार्यालय में शाम को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान 551 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।




