उत्तराखण्ड
देहरादून: उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन की वार्ता विफल, 30 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार
देहरादून: उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन और परिवहन निगम प्रबंधन के बीच देहरादून में हुई वार्ता विफल हो गई है। मांगों पर सहमति नहीं बनने के बाद यूनियन ने 30 अक्टूबर से पूरे प्रदेश में अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार का ऐलान किया है। आंदोलन के तहत प्रदेश के तीनों मंडलों देहरादून, नैनीताल और टनकपुर की इकाइयों में कर्मचारी कार्य बहिष्कार करेंगे।
यूनियन की परिवहन निगम के एमडी की अध्यक्षता में हुई वार्ता में वेतन, महंगाई भत्ता (डीए), दीपावली बोनस और बस बेड़े में वृद्धि समेत कई मुद्दे उठाए गए। इसके अलावा डग्गामारी पर रोक लगाने और अवैध रूप से संचालित निजी बसों के परमिट पर रोक लगाने की मांग भी रखी गई। यूनियन के अनुसार, इन मांगों पर प्रबंधन की ओर से सहमति नहीं मिलने के कारण आंदोलन का निर्णय लिया गया है।
यूनियन ने तीनों मंडलों की सभी इकाइयों से आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया है। साथ ही कर्मचारियों से एकजुट होकर 30 अक्टूबर से शुरू होने वाले अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार में शामिल होने की अपील की है। वार्ता में यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कमल पपनै, अशोक चौधरी, केपी सिंह, परमजीत सिंह और संचित कुमार मौजूद रहे।



