उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: कालाढूंगी से आनंद दरमवाल ने ठोकी टिकट की दावेदारी, बोले भाजपा में परिवारवाद नहीं चलता, टिकट बांटना पार्टी का काम, बंशीधर भगत का नहीं
हल्द्वानी: कालाढूंगी विधानसभा सीट से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा में दावेदारों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी क्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष आनंद सिंह दरमवाल ने भी अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। उन्होंने भाजपा की कोर कमेटी के सदस्य एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के समक्ष कालाढूंगी विधानसभा सीट से पार्टी का टिकट दिए जाने की मांग रखी।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए आनंद सिंह दरमवाल ने कहा कि यदि भाजपा उन्हें कालाढूंगी विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाती है, तो वह सबसे अधिक मतों से जीत दर्ज कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं और जनता के बीच उनकी मजबूत पकड़ है।
वहीं, कालाढूंगी के वर्तमान विधायक बंशीधर भगत के पुत्र विकास भगत को टिकट दिए जाने के सवाल पर आनंद सिंह दरमवाल ने कहा कि भाजपा के अंदर परिवारवाद नहीं चलता है। उन्होंने कहा कि बंशीधर भगत पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और वह उनका सम्मान करते हैं, लेकिन टिकट बांटना पार्टी का काम है, बंशीधर भगत का नहीं। आनंद सिंह दरमवाल के इस बयान के बाद कालाढूंगी विधानसभा सीट पर भाजपा के भीतर टिकट को लेकर चल रही दावेदारी और राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।



