उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: RTO गुरदेव सिंह के नेतृत्व में 4 से 6 अगस्त तक मॉडिफाइड वाहनों पर चलेगा शिकंजा, ब्लैक फिल्म-हूटर-रेट्रो साइलेंसर पर होगी सख्त कार्रवाई
हल्द्वानी: सड़क सुरक्षा को लेकर क्षेत्रीय परिवहन विभाग (RTO) हल्द्वानी ने बड़ा अभियान शुरू करने का फैसला लिया है। सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) डॉ. गुरदेव सिंह ने हल्द्वानी सम्भाग के सभी सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारियों (प्रवर्तन) और इंटरसेप्टर/टास्क फोर्स प्रभारियों को 4 अगस्त से 6 अगस्त 2026 तक तीन दिवसीय विशेष सघन प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं।आरटीओ के अनुसार हल्द्वानी सम्भाग में कई एसयूवी, विशेषकर महिंद्रा थार समेत अन्य वाहनों में नियमों के विपरीत ब्लैक फिल्म, हाई-इंटेंसिटी एलईडी/लेजर लाइटें, मॉडिफाइड (रेट्रो) साइलेंसर और अवैध हूटर का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ने के साथ-साथ ध्वनि प्रदूषण और आम लोगों को भी परेशानी हो रही है।निर्देशों के अनुसार अभियान के दौरान ऐसे सभी वाहनों को चिन्हित कर मोटरयान अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर चालान के साथ ब्लैक फिल्म, अवैध हूटर, अतिरिक्त लाइटें और मॉडिफाइड साइलेंसर मौके पर ही हटाए जाएंगे।आरटीओ गुरदेव सिंह ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं होगा, बल्कि परिणामोन्मुख कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अभियान समाप्त होने के बाद सभी प्रवर्तन अधिकारियों को किए गए चालानों, हटाई गई ब्लैक फिल्म, हूटर और मॉडिफाइड साइलेंसर का विस्तृत विवरण भी विभाग को उपलब्ध कराना होगा।




