उत्तराखण्ड
नैनीताल: SP संचार रेवाधर मठपाल को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक, पुलिस परिवार ने दी बधाई
नैनीताल: स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर एसपी संचार नैनीताल रेवाधर मठपाल को “मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक” से सम्मानित किया जाएगा। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर नैनीताल पुलिस परिवार ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने भी रेवाधर मठपाल को सम्मान मिलने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर उत्कृष्ट सेवाओं की कामना की।
रेवाधर मठपाल वर्ष 1994 में पुलिस रेडियो विभाग में उपनिरीक्षक के पद पर चयनित हुए थे। वर्ष 2000 में निरीक्षक रेडियो, वर्ष 2017 में पुलिस उपाधीक्षक तथा वर्ष 2025 में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर पदोन्नत हुए।
अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने पीलीभीत, बागेश्वर, हरिद्वार, पुलिस मुख्यालय, ऊधमसिंहनगर सहित नैनीताल जनपद में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निष्ठा, परिश्रम और लगन के साथ निर्वहन किया।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें वर्ष 2010 में सराहनीय सेवा चिन्ह, वर्ष 2021 में विशिष्ट कार्य के लिए सराहनीय पदक तथा वर्ष 2022 में उत्कृष्ट सेवा पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है।
नैनीताल पुलिस परिवार ने रेवाधर मठपाल की इस उपलब्धि को गौरवपूर्ण बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट सेवाएं देने की कामना की।




