उत्तराखण्ड
देहरादून: खनन निदेशक राजपाल लेघा के पहल पर हरेला पर्व पर बड़े स्तर पर होगा पौधरोपण, खनन विभाग ने सभी जिलों को जारी किए निर्देश
देहरादून: उत्तराखंड में आगामी 16 जुलाई को मनाए जाने वाले हरेला पर्व के अवसर पर राज्यभर में व्यापक पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय, उत्तराखंड ने सभी जिला खान अधिकारियों और प्रभारी जिला खान अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
निदेशक राजपाल लेघा द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि हरेला पर्व के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य के सभी स्वीकृत खनन पट्टाधारकों, अनुज्ञाधारकों, स्टोन क्रशर, स्क्रीनिंग प्लांट संचालकों और रिटेल भंडारणकर्ताओं के सहयोग से बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा। निदेशालय ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जनपदों में संबंधित संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर 16 जुलाई 2026 को पौधरोपण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित कराएं। साथ ही कार्यक्रम के फोटोग्राफ और वीडियो अनिवार्य रूप से निदेशालय को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ अधिक से अधिक हरित क्षेत्र विकसित करना और हरेला पर्व को जनभागीदारी के साथ सफल बनाना है।




