उत्तराखण्ड
नैनीताल: ट्रैफिक व्यवस्था होगी हाईटेक, एक अगस्त से मॉल रोड पर हॉर्न बजाना प्रतिबंधित, झील किनारे नो-पार्किंग लागू, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की अध्यक्षता में लिए गए निर्णय
नैनीताल: नैनीताल की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित और पर्यटक-अनुकूल बनाने के लिए प्रशासन ने कई बड़े फैसले लिए हैं। कुमाऊं कमिश्नर एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि 1 अगस्त 2026 से मॉल रोड पर किसी भी वाहन के हॉर्न बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में यह भी तय किया गया कि तल्लीताल डांठ से हनुमानगढ़ी बैंड तक झील के चारों ओर का क्षेत्र नो-पार्किंग जोन के रूप में प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। पुलिस विभाग को सख्ती से इसका पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा बिना वैध फिटनेस वाले सरकारी और निजी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। ऐसे वाहनों को सीज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं निजी वाहनों से अवैध रूप से टैक्सी संचालन करने वालों पर भी परिवहन और पुलिस विभाग संयुक्त अभियान चलाकर कार्रवाई करेंगे। बैठक में रूसी बाईपास को आधुनिक पार्किंग हब के रूप में विकसित करने का भी निर्णय लिया गया। यहां शौचालय, पेयजल, बिजली, सीसीटीवी निगरानी और दुकानों जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके लिए जिलाधिकारी निर्माण एजेंसी का चयन कर डीपीआर तैयार कराएंगे। मंडलायुक्त दीपक रावत ने कहा कि नैनीताल की शांत और प्राकृतिक पहचान बनाए रखने के लिए सभी विभाग समयबद्ध तरीके से इन निर्णयों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन करते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और पर्यटकों के अनुकूल बनाया जाएगा।




