उत्तराखण्ड
देहरादून: सड़क किनारे रुककर MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने किया पौधरोपण का निरीक्षण, खुद लगाया पौधा, इस साल एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य…
देहरादून: कार्यालय जाते समय एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी (IAS) की नजर सड़क डिवाइडरों पर चल रहे पौधरोपण कार्य पर पड़ी। उन्होंने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और मौके पर पहुंचकर पौधरोपण एवं पौधों के रखरखाव कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने पौधों की गुणवत्ता, नियमित सिंचाई, सुरक्षा और संरक्षण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों के साथ स्वयं पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाए, क्योंकि किसी भी पौधरोपण अभियान की वास्तविक सफलता पौधों के जीवित रहने और उनके वृक्ष बनने में निहित होती है। एमडीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में इस वर्ष एमडीडीए ने एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य के तहत शहर के प्रमुख मार्गों, सड़क डिवाइडरों, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य उपयुक्त स्थानों पर बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि देहरादून को स्थायी रूप से अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाना है। इसके लिए पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण और नियमित रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।




