उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने ली परिवहन प्राधिकरण की बैठक, जसपुर-टनकपुर बस सेवा को मंजूरी, मिलेंगे कॉर्बेट-फाटो में जिप्सियों को परमिट
हल्द्वानी: कुमाऊं मंडल में परिवहन सुविधाओं के विस्तार को लेकर संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। मंडलायुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार में हुई बैठक में जसपुर-टनकपुर के बीच उत्तराखंड परिवहन की बसों के संचालन को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।बैठक में जसपुर-फाटो रेंज में 10 जिप्सियों के संचालन की अनुमति भी प्रदान की गई। वहीं, वन विभाग की पूर्व लिखित सहमति के आधार पर जिम कॉर्बेट क्षेत्र के लिए 8 जिप्सियों के संचालन को मंजूरी दी गई।मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप 24 महिला जिप्सी संचालकों को जिप्सी संचालन की अनुमति दिए जाने पर भी सहमति बनी। मंडलायुक्त ने कहा कि परिवहन और पर्यटन से जुड़े लोगों को परमिट प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल बनाया जाए।मंडलायुक्त ने कॉर्बेट और अन्य पर्यटन क्षेत्रों में जिप्सियों की आवश्यकता का विस्तृत विवरण वन विभाग से लेने के निर्देश दिए। इसमें वर्तमान में संचालित जिप्सियों और पर्यटकों की संख्या के आधार पर मांग का आकलन किया जाएगा। इसके बाद आगामी बैठक में जिप्सियों के संचालन को लेकर आगे का निर्णय लिया जाएगा।बैठक में विभिन्न नए मार्गों पर बस और टैक्सी परमिट की मांग पर भी चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को आवश्यकता के अनुरूप परमिट जारी करने के लिए मार्गवार मांग का गहन परीक्षण करने के निर्देश दिए।इसके साथ ही निर्धारित मार्ग से अलग या रूट के विपरीत वाहन चलाने वाले संचालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।बैठक में प्राधिकरण सदस्य सुनील शर्मा, ललित सिंह, आरटीओ गुरदेव सिंह, एआरटीओ संदीप शर्मा, विपिन कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।




