Connect with us

उत्तराखण्ड

हल्द्वानी : मानसून से पहले नदियों की सफाई और बाढ़ सुरक्षा पर फोकस, गौला-नंधौर में सिल्ट व भूकटाव रोकने के डीएम ने दिए निर्देश…

मानसून से पहले नदियों की सफाई और बाढ़ सुरक्षा पर फोकस, गौला-नंधौर में सिल्ट व भूकटाव रोकने को प्रशासन अलर्ट

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने विधायक लालकुआं डॉ. मोहन सिंह बिष्ट की उपस्थिति में संबंधित विभागों के अधिकारियों बीच की समीक्षा बैठक

हल्द्वानी, 4 अप्रैल 2026 (सूवि)।
आगामी मानसून काल को दृष्टिगत रखते हुए जनपद नैनीताल में नदियों की सफाई, सिल्ट निकासी, जल निकासी (ड्रेनेज) व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा भूकटाव की रोकथाम हेतु जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। विशेष रूप से गौला एवं नंधौर नदियों में संभावित समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन अलर्ट मोड में कार्य कर रहा है।

इसी क्रम में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट की उपस्थिति में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में खनन सत्र जारी है तथा नंधौर नदी के मुहाने पर सिल्ट, बोल्डर आदि का जमाव हो रहा है, जिसके कारण मानसून के दौरान बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होती है। उन्होंने सिंचाई विभाग एवं वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय रहते आंकलन कर धरातल पर आवश्यक बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्य रूप से नदी में जमा डिपॉजिट्स को चैनलाइज किया जाए, ताकि नदी अपने मूल प्रवाह में सुचारू रूप से बह सके।

नंधौर नदी में शीघ्र रिवर ट्रैपिंग कार्य प्रारंभ करने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वन विकास निगम की ओर से दो पोकलैंड मशीनें लोक निर्माण विभाग के माध्यम से तथा दो मशीनें खनन न्याय के माध्यम से लगाई जाएं। उन्होंने वन विकास निगम, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई एवं खनन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि 10 अप्रैल से नंधौर नदी में रिवर ट्रैपिंग कार्य प्रारंभ कर मानसून से पूर्व इसे पूर्ण किया जाए।

इस संबंध में जिलाधिकारी ने सिंचाई, राजस्व, लोक निर्माण विभाग, वन विकास निगम एवं वन निगम के अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण कर शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नंधौर एवं गौला नदियों में बाढ़ सुरक्षा से संबंधित सभी कार्य वर्षा ऋतु से पूर्व पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की क्षति न उठानी पड़े।

बैठक में लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने बाढ़ सुरक्षा एवं रिवर ट्रैपिंग के साथ-साथ क्षेत्र में गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी में आ रही समस्याओं, व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति, श्रीलंका टापू, मोतीनगर सड़क सहित अन्य स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि लालकुआं क्षेत्र में रसोई गैस की शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने हेतु सोमवार से रोस्टरवार व्यवस्था लागू की जाए। इसके अतिरिक्त उपजिलाधिकारी लालकुआं को निर्देशित किया गया कि अन्य विभागों के साथ समन्वय कर श्रीलंका टापू में शिविर आयोजित करते हुए संयुक्त निरीक्षण शीघ्र संपन्न कराया जाए।

जिलाधिकारी ने गौला नदी से लालकुआं क्षेत्र में हो रहे भूकटाव की रोकथाम हेतु रिवर ट्रैपिंग एवं अन्य सुरक्षात्मक कार्यों की अनुमति के लिए शासन को तत्काल पत्र प्रेषित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक के दौरान एडीबी परियोजना अंतर्गत तीनपानी से मंडी तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण के लिए हटाए जाने वाले अतिक्रमण का मुद्दा भी विधायक द्वारा उठाया गया। उन्होंने पुनः निशान लगाने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने बताया कि उक्त सड़क का चौड़ीकरण किया जाना प्रस्तावित है तथा पूर्व में अतिक्रमण चिह्नित किया जा चुका है। कुछ परिवारों को हो रही समस्याओं को देखते हुए सोमवार से टीम गठित कर संबंधितों की उपस्थिति में पुनः निशान लगाए जाने के निर्देश दिए गए। बैठक में अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग,मनोहर सिंह धर्मशक्तू, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई, नगर आयुक्त हल्द्वानी परितोष वर्मा,उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, रेखा कोहली समेत संबंधित विभागों के अधिकारी आदि मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

संपादक –

नाम: हर्षपाल सिंह
पता: छड़ायल नयाबाद, कुसुमखेड़ा, हल्द्वानी (नैनीताल)
दूरभाष: +91 96904 73030
ईमेल: [email protected]