उत्तराखण्ड
हल्द्वानी: आयुष्मान आरोग्य मंदिर कर्मचारियों को 3 माह से नहीं मिला वेतन, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
हल्द्वानी: आयुष्मान आरोग्य मंदिर, हल्द्वानी में कार्यरत वाइटल रेडियोलॉजी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिलने का मामला सामने आया है। कर्मचारियों की शिकायत पर कुमाऊं कमिश्नर एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने तत्काल संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त हल्द्वानी को सभी प्रभावित कर्मचारियों का लंबित वेतन शीघ्र दिलाने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
कर्मचारियों ने कुमाऊं आयुक्त को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वे आयुष्मान आरोग्य मंदिर में पूरी निष्ठा के साथ सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन कंपनी प्रबंधन ने अप्रैल, मई और जून 2026 का वेतन अब तक जारी नहीं किया है। वेतन न मिलने से कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बच्चों की पढ़ाई, दैनिक खर्च और चिकित्सा जैसी जरूरी आवश्यकताओं को पूरा करना भी मुश्किल हो रहा है। इसके अलावा कुसुमखेड़ा स्थित सेंटर को भी बंद कर दिया गया है।
शिकायत में कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि वेतन की मांग करने पर उनका मानसिक उत्पीड़न किया जाता है तथा नौकरी से निकालने और परिणाम भुगतने की धमकियां दी जाती हैं। उनका कहना है कि इस संबंध में पहले भी कंपनी प्रबंधन को मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराया गया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
शिकायत के अनुसार प्रभावित कर्मचारियों में 10 चिकित्सक, 10 फार्मासिस्ट, 10 स्टाफ नर्स, 10 एमपीडब्ल्यू तथा 10 सफाई कर्मचारी शामिल हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने नगर आयुक्त हल्द्वानी को निर्देश दिए हैं कि सभी प्रभावित कर्मचारियों का लंबित वेतन जल्द से जल्द दिलाया जाए तथा कुसुमखेड़ा स्थित बंद सेंटर को दोबारा संचालित कराने के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई की जाए।




