उत्तराखण्ड
डिग्री कॉलेज के प्रधानाचार्य को जान से मारने की धमकी देने और लोक सेवक के कार्यों में बाधा डालने वाले तीन लोग हिरासत में…
डिग्री कॉलेज रामनगर के प्रधानाचार्य को जान से मारने की धमकी देने और लोक सेवक के कार्यों में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत, 03 हिरासत में
दिनांक 08 अक्टूबर 2026 को शासन के निर्देशानुसार दिनांक 08.10.2026 को डिग्री कॉलेज रामनगर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाना था। इस महत्वपूर्ण जन-कल्याणकारी कार्यक्रम में जिलाधिकारी महोदय नैनीताल, विभिन्न विभागों के लोक सेवक और बड़ी संख्या में आम जनता की उपस्थिति प्रस्तावित थी। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनता की शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण करना था।
घटना का विवरण:
कार्यक्रम के आयोजन से पूर्व सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें तीन युवकों—1. मो० सानिब, 2. मो० अनस, और 3. कपिल बिष्ट—द्वारा पूर्व छात्रसंघ चुनाव को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा की जा रही थी। इस बातचीत के दौरान इन युवकों द्वारा यह आपत्तिजनक टिप्पणी की गई कि “कल सुबह 10:30 बजे इकठ्ठा होकर ज्ञापन देंगे, और कार्रवाई न होने पर प्रिंसिपल के ऊपर तेल डालकर आग लगा देंगे।”
पुलिस की कार्यवाही
इन तीनों व्यक्तियों का यह कृत्य एक लोक सेवक को उसके पदीय कर्तव्यों के निर्वहन से रोकने, उनमें भय पैदा करने और उन्हें गंभीर क्षति पहुँचाने की धमकी देने की श्रेणी में आता है। यह कृत्य भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत एक गंभीर दंडनीय अपराध है।
इस मामले का तत्काल श्री सुशील कुमार प्रभारी निरीक्षक रामनगर द्वारा संज्ञान लेते हुए कोतवाली रामनगर पर एफआईआर नं० 319/2026, धारा 224, 351(1) BNS दर्ज किया गया।
नामजद अभियुक्तगण:
- अनस पुत्र जुल्फकार सिद्धगी निवासी:–शक्तिनगर पुछरी रामनगर उम्र–21वर्ष।
- कल्पित बिष्ट पुत्र श्री त्रिलोक सिंह बिष्ट निवासी– किशनपुर छोई, रामनगर उम्र–26 वर्ष।
- सानिब सिद्धगी पुत्र अजीम निवासी– टांडा रामनगर उम्र–24 वर्ष।
पुलिस द्वारा उपरोक्त अभियुक्तगणों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की गई है।
सोशल मीडिया पर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और इस प्रकार की धमकियां देने वालों के खिलाफ पुलिस की यह सख्त कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।



