उत्तराखण्ड
हल्द्वानी : ज्वालाजी गैस एजेंसी में एसडीएम और पूर्ति विभाग ने की छापामेरी…
डीएम नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देश के बाद आज उपजिलाधिकारी हल्द्वानी प्रमोद कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी नैनीताल मनोज बर्मन, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी हल्द्वानी, फील्ड ऑफिसर सेल्स बीपीसीएल तथा पूर्ति निरीक्षक हल्द्वानी द्वारा संयुक्त रूप से श्री ज्वालाजी गैस सर्विस (भारत गैस), रामपुर रोड हल्द्वानी स्थित कार्यालय एवं प्रेमपुर लोशज्ञानी स्थित गैस गोदाम का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान गैस एजेंसी के कार्यालय एवं गोदाम में रखे स्टॉक रजिस्टरों का परीक्षण किया गया तथा उपलब्ध गैस सिलेंडरों का भौतिक सत्यापन भी किया गया। निरीक्षण में घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था का विस्तृत परीक्षण किया गया।
संयुक्त निरीक्षण दल द्वारा पाया गया कि गैस एजेंसी में स्टॉक रजिस्टर अद्यतन स्थिति में उपलब्ध थे। निरीक्षण के समय गोदाम एवं डिलीवरी वाहनों में घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक पाया गया। साथ ही गोदाम परिसर में व्यावसायिक गैस सिलेंडर भी उपलब्ध मिले।
निरीक्षण के दौरान कुछ उपभोक्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा एजेंसी कर्मचारियों के व्यवहार एवं फोन रिसीव न करने संबंधी शिकायतें भी दर्ज कराई गईं, जिनका संज्ञान संयुक्त निरीक्षण दल द्वारा लिया गया तथा संबंधित संचालक को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
प्रशासन द्वारा जनहित में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता एवं पारदर्शी वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु ऐसे निरीक्षण आगे भी जारी रखे जाएंगे।





